राष्ट्रीय एकता दिवस पर शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने ली राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ

महमूदाबाद, सीतापुर। राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन लौह पुरुष, भारत रत्न एवं अखंड भारत के शिल्पी तथा देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती सेठ रामगुलाम पटेल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के डायरेक्टर इंजीनियर क्षितिज चंद्रा ने दीप प्रज्वलित कर एवं सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पार्चन करके किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डायरेक्टर इंजीनियर क्षितिज चंद्रा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की छोटी-बड़ी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि इतिहास में शायद ही कोई ऐसा व्यक्तित्व हुआ हो, जिसने इतनी बड़ी संख्या में रियासतों का एकीकरण कर देश की एकता को मजबूत आधार प्रदान किया हो। उनका योगदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
इस अवसर पर सीनियर सुपरवाइजर आरबी गुप्ता, प्रधानाचार्य सुधीर कुमार, कोऑर्डिनेटर एवं फील्ड ऑफिसर उमेश कुमार, मनोज (छात्र कल्याण एकेडमी प्रभारी), वेदांता मोशन एंड पिक्चर्स के प्रभारी, विद्या दया कल्याणम करोति मिशन के प्रभारी, रीता चैरिटी चिकित्सा केंद्र की प्रभारी सहित सेठ रामगुलाम डिग्री कॉलेज एवं आईटीआई संस्थान के प्रभारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

