प्रसिद्ध भजन गायकों व कलाकारों की प्रस्तुतियों से सजेगी भजन संध्या, श्री संकटादेवी मंदिर धाम में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

महमूदाबाद, सीतापुर। राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन:श्री बालाजी महाराज की असीम कृपा से सदैव की भांति इस वर्ष भी श्री बालाजी मंदिर धर्मार्थ सेवा संस्थान के तत्वावधान में नवम् सवामनी हवन, भंडारा एवं भव्य जागरण का आयोजन 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को किया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम श्री संकटादेवी मंदिर धाम, महमूदाबाद में आयोजित होगा।

आयोजन के अंतर्गत प्रातः 9 बजे से सवामनी हवन प्रारंभ होगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। वहीं, सायं 7 बजे से श्री बालाजी महाराज का भव्य जागरण आयोजित होगा। इसमें आमंत्रित भजन गायकों एवं कलाकारों द्वारा भक्ति गीतों और मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से बाबा का गुणगान किया जाएगा।
देश के विभिन्न क्षेत्रों से आएंगे कलाकार
जागरण में भजन गायक संदीप आचार्य, कलाकार शुभम रंगीला, गायिका मेधा पाण्डेय, गायिका निर्मल शर्मा, कलाकार रजत रंगीला, जूनियर राजपाल यादव तथा गायक रोहित कश्यप अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अतिरिक्त मैनपुरी-फर्रुखाबाद का नागर बैंड ग्रुप और जयपुर का राहुल झमाझम आर्ट्स ग्रुप भी कार्यक्रम में अपनी कला का प्रदर्शन करेगा।
हवन की व्यवस्था निःशुल्क
आयोजक श्री बालाजी मंदिर धर्मार्थ सेवा संस्थान की ओर से बताया गया है कि हवन में बैठने तथा हवन सामग्री की व्यवस्था समिति द्वारा निःशुल्क की गई है। आयोजन के माध्यम से श्रद्धालु हवन-पूजन, प्रसाद वितरण और भजन-कीर्तन के साथ श्री बालाजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
समिति की ओर से क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की गई है।

