महमूदाबाद सीतापुर/ 18/01/2026/राज्य चीफ़ ब्यूरो अनुज कुमार जैन
सीतापुर जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना बिसवां पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुलजारशाह मेला क्षेत्र से 77,500 रुपये के नकली नोटों के साथ महिला समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी बिसवां अमन सिंह के नेतृत्व में थाना बिसवां पुलिस टीम को सूचना मिली कि गुलजारशाह मेले में कुछ लोग भीड़भाड़ का फायदा उठाकर नकली नोट चला रहे हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने ग्राम सत्तिनपुरवा, गुलजारशाह मेला के पास से एक पुरुष व एक महिला को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमित भार्गव पुत्र रामनरायन निवासी ग्राम शंकरपुर मजरा कन्दुनी, थाना रामपुरकलां तथा श्रीमती सोनेश्वरी भार्गव पत्नी सुशील कुमार निवासी ग्राम हथिया मल्हपुर, थाना इमलिया सुल्तानपुर, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से 77,500 रुपये के नकली नोट, 5,000 रुपये के असली नोट तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे लंबे समय से नकली नोट प्राप्त कर भीड़भाड़ वाले बाजारों और मेलों में उन्हें चलाते थे। इस गिरोह का सरगना जनपद देवरिया का निवासी बताया गया है, जो लखनऊ व दिल्ली में भी रहता है और पेशे से डॉक्टर है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना बिसवां में मु0अ0सं0 24/26 धारा 179/180/61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अभियुक्तों का चालान माननीय न्यायालय किया है। साथ ही अपराध से अर्जित संपत्ति का पता लगाकर आगे की निरोधात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
सीतापुर में नकली नोटों का बड़ा खुलासा, 77,500 रुपये की जाली करेंसी के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार
Leave a comment
Leave a comment

