कुराश में कुसुम लता ने हासिल किया पहला स्थान, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन; अन्य खिलाड़ियों ने भी जीते पदक
सिरमौर। जिला स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता में राजकीय माध्यमिक पाठशाला भराड़ी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पुरुवाला, पांवटा साहिब में आयोजित प्रतियोगिता में भराड़ी स्कूल की छात्रा कुसुम लता ने कुराश प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही कुसुम लता का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है।
प्रतियोगिता में कुराश अंडर-14 लड़कियों के वर्ग में आठवीं कक्षा की कुसुम लता ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि सातवीं कक्षा की वंशिका और छठी कक्षा की वंशिका ने तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक प्राप्त किए।वहीं, कुराश अंडर-14 लड़कों के वर्ग में छठी कक्षा के समर पुंडीर और सातवीं कक्षा के कृष चौहान ने तीसरा स्थान हासिल कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भराड़ी स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एकल गीत प्रतियोगिता में आठवीं कक्षा के सुशांत ने दूसरा स्थान हासिल किया। इस दौरान ढोलक और तबले पर समीर चौहान तथा योगेश चौहान ने संगत देकर प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाया।
शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग को दिया श्रेय
विद्यालय के प्रभारी विजय पुंडीर ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए सफल प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह सफलता मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कुसुम लता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेगी।
शारीरिक शिक्षक सुरेंद्र चौहान ने भी विद्यार्थियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत की सराहना करते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

