शिमला/18/01/2025/SCB VIJAY SAMYAL:हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर तीखा जुबानी हमला बोला है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं विधायक रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की लॉ एंड ऑर्डर स्थिति पूरी तरह चरमरा गई है। मनाली विधानसभा क्षेत्र की राउगी पंचायत में राजस्व विभाग की टीम पर हुआ हमला इस बात का प्रमाण है कि अब कानून नहीं, बल्कि राजनीतिक दबंगों का राज चल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी आदेश पर जमीन की निशानदेही करने पहुंचे पटवारी और अधिकारियों पर हमला प्रशासन को खुली चुनौती है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि बीडीसी नग्गर के अध्यक्ष खेख राम ने अपने राजनीतिक रुतबे का दुरुपयोग करते हुए पहले राजस्व कर्मचारियों को धमकाया और फिर कानूनगो व पटवारी के साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल पटवारी भोप सिंह के अस्पताल में भर्ती होने का जिक्र करते हुए रणधीर शर्मा ने सवाल उठाया कि जब प्रदेश के गृहमंत्री स्वयं मुख्यमंत्री हैं, तो कानून व्यवस्था की इस बदहाली की जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में अपराध, हिंसा और प्रशासनिक अधिकारियों पर हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
रणधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार से मांग की कि आरोपी के खिलाफ कठोर धाराओं में तत्काल कार्रवाई की जाए और पीड़ित कर्मचारियों को पूर्ण सुरक्षा दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने सख्त कदम नहीं उठाए, तो भाजपा प्रदेशभर में अराजकता और गुंडागर्दी के खिलाफ आंदोलन करेगी। भाजपा विधायक ने कहा कि प्रदेश की जनता आज जवाब चाहती है—हिमाचल में कानून का राज चलेगा या कांग्रेस की सत्ता में गुंडागर्दी को संरक्षण मिलता रहेगा।

