जवाली, 16 जनवरी 2026
न्यूज़ इंडिया आज तक मुख्य कार्यालय रिपोर्टर डॉ. नवनीत कुमार शर्मा
पुलिस थाना जवाली के अंतर्गत माइनिंग एक्ट के तहत अवैध खनन के विरुद्ध की गई कार्रवाई अब अपने तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचती दिख रही है। जवाली पुलिस ने एसएचओ देवराज शर्मा की अगुवाई में अवैध खनन पर सख्त कदम उठाते हुए 127 मीट्रिक टन रेत और बजरी बरामद की थी। इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने सराहनीय बताते हुए पुलिस की सक्रियता की प्रशंसा की।
बरामद की गई रेत-बजरी की शुक्रवार को पुलिस थाना जवाली परिसर में विधिवत नीलामी करवाई गई। यह नीलामी तहसीलदार जवाली विनोद टंडन की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें माइनिंग विभाग तथा लोक निर्माण विभाग के एसडीओ की उपस्थिति भी रही। नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही,
जिसमें कुल तीन बोलीदाताओं—आशीषशर्मा, मुकेश कुमार और रघुवीर सिंह—ने भाग लिया।
प्रतिस्पर्धी बोली के बाद रघुवीर सिंह ने 19,500 रुपये की उच्चतम बोली लगाकर 127 मीट्रिक टन रेत-बजरी को अपने नाम किया। तहसीलदार विनोद टंडन ने बताया कि नीलामी प्रक्रिया नियमों के अनुसार संपन्न की गई है और भविष्य में भी अवैध खनन पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यह कदम न केवल कानून के पालन का संदेश देता है, बल्कि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में भी अहम माना जा रहा है।

