JAWALI/11,01.2026/SUTER
इंदौरा की एक पैक्ड ड्रिंक वाटर निर्माता कंपनी की बोतलों में फंगस पाए जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। समय रहते मामला उजागर हो जाने से एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा कई लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता था। इस घटना ने न केवल पानी की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि संबंधित विभागों की निरीक्षण प्रक्रिया को भी संदेह के घेरे में ला दिया है।
यह मामला जवाली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सामने आया, जहां लोगों को पीने के लिए उक्त कंपनी का पैक्ड ड्रिंक वाटर उपलब्ध कराया गया था। बोतलों में पानी के भीतर स्पष्ट रूप से फंगस दिखाई देने पर उपस्थित लोगों ने इसे पीने से इनकार कर दिया और बोतलों को जस का तस छोड़ दिया। कुछ लोगों ने जब पानी चखा तो उसका स्वाद भी सामान्य से अलग पाया गया।
कार्यक्रम में मौजूद मीडिया कर्मियों ने जब बोतलों की जांच की तो पेटियों में रखी लगभग हर बोतल में फंगस नजर आई। बोतलों पर एक्सपायरी डेट 5-5-2026 अंकित थी, इसके बावजूद पानी में फंगस का पाया जाना कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है। मीडिया कर्मियों ने फंगस युक्त पानी की बोतलों के सैंपल सुरक्षित कर लिए हैं।
घटना के बाद लोगों में रोष है। उन्होंने सरकार और खाद्य आपूर्ति विभाग से मांग की है कि घटिया गुणवत्ता वाला पानी बोतलों में पैक कर बेचने वाली कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में जनता की सेहत से इस तरह का खिलवाड़ न हो। अब निगाहें प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्रवाई पर टिकी हैं।

