**56 लाख से बनेगा बग्गा स्कूल का अतिरिक्त भवन, कृषि मंत्री ने किया शिलान्यास
सरकार ने प्रदेश के 100 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने का निर्णय लिया है,
**सरकार का उद्देश्य सरकारी स्कूलों को निजी विद्यालयों के समकक्ष खड़ा करना है, ताकि अभिभावकों का विश्वास मजबूत हो और बच्चों को बेहतर भविष्य के अवसर मिलें

jawali, 8 Jan 2026,News India Aaj Tak, Head Office Bureau Dr. Navneet Kumar Sharma
प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा है कि सरकारी विद्यालयों को सुदृढ़ और आधुनिक बनाना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के बच्चों को समान रूप से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। वीरवार को ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के राजकीय उच्च विद्यालय बग्गा में 56.33 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त भवन का शिलान्यास करते हुए उन्होंने कहा कि इस भवन में पाँच नए कक्ष बनाए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सरकारी स्कूलों को निजी विद्यालयों के समकक्ष खड़ा करना है, ताकि अभिभावकों का विश्वास मजबूत हो और बच्चों को बेहतर भविष्य के अवसर मिलें। ज्वाली क्षेत्र के स्कूलों में भवन, खेल मैदान, मंच और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर लगातार निवेश किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण छात्रों को भी आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सके।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार केवल शिक्षा के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी विशेष प्राथमिकता शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने पर है। इसी दृष्टि से सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम की शुरुआत की गई है, ताकि बच्चे प्रारंभ से ही प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण के लिए तैयार हो सकें। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य के 850 शिक्षण संस्थानों को “उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान” के रूप में विकसित किया जा रहा है। ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के ठंगर में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है, जो क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक केंद्र बनेगा। इसके साथ ही सरकार ने प्रदेश के 100 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने का निर्णय लिया है, जिसके तहत नगरोटा सूरियां, कोटला और ज्वाली के विद्यालयों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि नगरोटा सूरियां में स्थापित डिग्री कॉलेज और ज्वाली डिग्री कॉलेज के नए भवन का निर्माण क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर प्रदान करेगा।
अपने संबोधन में मंत्री ने ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में चल रही अन्य विकासात्मक परियोजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुराना–सिरमणी–सिहुणी सड़क के पुनर्निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि रजोल–अनूही–बग्गा सड़क एवं पुल निर्माण के लिए भी 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। क्षेत्र में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी भवन के निर्माण हेतु 43 लाख रुपये और हरियाँ–ताहलियाँ–कुठेड़ मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए लगभग 8 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पंचायत स्तर पर रास्तों के निर्माण के लिए विधायक निधि से भी लाखों रुपये दिए गए हैं। मंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से 15 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

