महमूदाबाद, सीतापुर/08/जनवरी 2025 अनुज कुमार जैन राज्य चीफ ब्यूरो
सेठ रामगुलाम पटेल ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन्स की इकाई सेठ रामगुलाम पटेल डिग्री कॉलेज, महमूदाबाद में खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड सीतापुर के समन्वय से एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महमूदाबाद विधानसभा की विधायक आशा मौर्या, संस्था के उपाध्यक्ष नरेश चंद्रा एवं डायरेक्टर इंजीनियर क्षितिज चंद्रा द्वारा मां भारती एवं मां शारदे की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।

संस्था के डायरेक्टर इंजीनियर क्षितिज चंद्रा ने कहा कि खादी को अपनाने और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने की दिशा में यह कार्यक्रम देश और समाज के भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत है। खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़कर कम पूंजी में भी अच्छे उद्योग की स्थापना की जा सकती है। उन्होंने भविष्य में विद्यालय स्तर पर भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही, जिससे अभिभावकों के साथ-साथ युवा पीढ़ी को इन योजनाओं की जानकारी मिल सके और वे अपना बेहतर भविष्य बना सकें।

जिला खाद्य एवं ग्रामोद्योग अधिकारी जगदीश कुमार ने अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, प्रशिक्षण कार्यक्रम, ऋण सुविधा एवं अनुदान संबंधी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही खादी उत्पादों की गुणवत्ता, उपयोगिता एवं विपणन की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में सेठ रामगुलाम पटेल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, सेठ रामगुलाम पटेल डिग्री कॉलेज, सेठ रामगुलाम मुनेश्वर प्रसाद आईटीआई के प्रभारी, एनसीसी के एसोसिएट ऑफिसर दुर्गेश कुमार, फील्ड कोऑर्डिनेटर उमेश कुमार सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

