Reading: सिविल अस्पताल जवाली में बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं, करोड़ों की सुविधाएं बनी शोपीस

सिविल अस्पताल जवाली में बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं, करोड़ों की सुविधाएं बनी शोपीस

RamParkash Vats
4 Min Read

जवाली क्षेत्र के हजारों लोगों की सेहत से जुड़े सिविल अस्पताल जवाली में चिकित्सा सुविधाएं बुरी तरह चरमरा गई हैं। हालत यह है कि कोरोना काल में डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से स्थापित ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट पिछले करीब छह वर्षों से बंद कमरे में धूल फांक रहा है, जबकि एक्स-रे की सुविधा बीते सात–आठ वर्षों से पूरी तरह ठप पड़ी है। इसके अलावा दानी सज्जन द्वारा दान में दी गई एंबुलेंस भी चालक के अभाव में पिछले पांच वर्षों से उपयोग में नहीं आ पा रही है।

जानकारी के अनुसार कोरोना महामारी के दौरान केंद्र सरकार की ओर से सिविल अस्पताल जवाली को ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट उपलब्ध करवाया गया था, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को निर्बाध ऑक्सीजन मिल सके। हालांकि ट्रांसफार्मर व जेनरेटर जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में यह प्लांट आज तक चालू नहीं हो पाया। करोड़ों रुपये की मशीनरी रख-रखाव के बिना जंग खाने की कगार पर पहुंच चुकी है।

इसी तरह एक्स-रे सुविधा के अभाव में मरीजों को मजबूरी में निजी लैबों का रुख करना पड़ रहा है, जहां उन्हें भारी भरकम शुल्क चुकाना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। लाखों रुपये की लागत से दान में मिली एंबुलेंस भी चालक न होने के कारण अस्पताल परिसर में खड़ी शोपीस बनी हुई है।

स्थानीय बुद्धिजीवियों का कहना है कि सिविल अस्पताल जवाली को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान का दर्जा तो मिला है, लेकिन जमीनी स्तर पर सुविधाएं नाम मात्र की हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों के लिए सरकारी आवास की व्यवस्था नहीं है, जिससे चिकित्सकों को यहां टिके रहने में भी कठिनाई होती है।

इस मामले पर भाजपा नेता संजय गुलेरिया ने कहा कि सिविल अस्पताल जवाली को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान घोषित किया गया है, लेकिन यहां आदर्श नाम की कोई सुविधा नजर नहीं आती। उन्होंने आरोप लगाया कि एक्स-रे जैसी बुनियादी सुविधा तक उपलब्ध नहीं है और मंत्री चंद्र कुमार ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट को शुरू करवाने के लिए आज तक बजट तक उपलब्ध नहीं करवा पाए हैं, जबकि मंचों से विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं।

वहीं कृषि एवं पशुपालन मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने कहा कि जल्द ही सिविल अस्पताल जवाली में एक्स-रे सुविधा शुरू करवाई जाएगी और ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट को भी चालू किया जाएगा।

इस संबंध में एसएमओ जवाली डॉ. आशुतोष सूदन ने बताया कि ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट को चलाने के लिए ट्रांसफार्मर और जेनरेटर की आवश्यकता है, जिसके लिए करीब 40 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार कर विभागीय उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि एक्स-रे प्लांट क्रिसना लैब को सौंप दिया गया है, जो शीघ्र ही शुरू होगा। दान में दी गई एंबुलेंस की समयावधि पूरी हो चुकी है।

मुख्य चिकित्साधिकारी कांगड़ा डॉ. विवेक करोल ने कहा कि वह शीघ्र ही सिविल अस्पताल जवाली का दौरा करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एक्स-रे सुविधा जल्द शुरू होगी और ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट को भी चालू करवाने के प्रयास किए जाएंगे।अब देखना यह होगा कि प्रशासन और सरकार के ये आश्वासन कब जमीनी हकीकत बनते हैं, क्योंकि मामला सीधे तौर पर आम जनता की सेहत और जीवन से जुड़ा हु

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!