मुख्यमंत्री का सिरमौर दौरा रद्द होने से अटका उद्घाटन, नए भवन में शिफ्ट किया सामान वापस पुराने भवन में पहुंचाया जा रहा है।

सिरमौर / नोहरा धार / कपिल शर्मा:करीब एक दशक के लंबे इंतजार के बाद तैयार हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौहराधार के नए भवन का उद्घाटन एक बार फिर टल गया है। 23 सितंबर को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के हाथों प्रस्तावित उद्घाटन होना था, लेकिन मुख्यमंत्री का सिरमौर दौरा रद्द होने के कारण उद्घाटन कार्यक्रम भी स्थगित हो गया। इससे नौहराधार सहित आसपास की करीब 18 पंचायतों के लोगों में निराशा है।
उद्घाटन को लेकर अस्पताल प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। पुराने भवन से अस्पताल का सामान नए भवन में शिफ्ट कर दिया गया था, ताकि उद्घाटन के बाद मरीजों को नई बिल्डिंग से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। हालांकि, मुख्यमंत्री का दौरा रद्द होने के बाद अब नए भवन में पहुंचाया गया सामान दोबारा पुराने भवन की ओर ले जाया जा
करोड़ों रुपये की लागत से तैयार नए भवन में 30 बेड की क्षमता रखी गई है। भवन में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, प्रसव कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, प्रयोगशाला, जनरल ओपीडी, बीएमओ कार्यालय, फार्मासिस्ट कक्ष, नेत्र जांच कक्ष, मीटिंग हॉल और लिफ्ट सहित कई सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस भवन के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
पुराने भवन में सीमित सुविधाओं से परेशानी
नौहराधार का मौजूदा अस्पताल भवन लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। पुराने भवन में महज दो बेड की व्यवस्था होने के कारण मरीजों को सीमित सुविधाओं के बीच उपचार करवाना पड़ता है। गंभीर स्थिति वाले मरीजों को राजगढ़, सोलन और अन्य बड़े अस्पतालों के लिए रेफर करना पड़ता है। दुर्गम भौगोलिक क्षेत्र होने के कारण रेफरल की स्थिति में मरीजों और उनके परिजनों को अतिरिक्त समय और आर्थिक खर्च उठाना पड़ता है।
नया भवन तैयार होने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि अब उन्हें बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही मिल सकेंगी, लेकिन उद्घाटन टलने से इन उम्मीदों को फिर झटका लगा है।
भवन के साथ स्टाफ उपलब्ध करवाने की भी मांग
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नए भवन का उद्घाटन जल्द करवाने के साथ-साथ अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ भी उपलब्ध करवाया जाना चाहिए। जानकारी के अनुसार सीएचसी नौहराधार में चिकित्सकों के चार स्वीकृत पदों में से दो पद रिक्त बताए जा रहे हैं। इसके अलावा फार्मासिस्ट के दो पद और हेल्थ सुपरवाइजर का एक पद भी खाली बताया जा रहा है।
लोगों का कहना है कि केवल नई बिल्डिंग तैयार होने से स्वास्थ्य सुविधाओं का उद्देश्य पूरा नहीं होगा। नए भवन में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, आवश्यक उपकरण, दवाइयां और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होने के बाद ही क्षेत्र के लोगों को इसका वास्तविक लाभ मिल पाएगा।
स्थानीय लोगों ने सरकार से मांग की है कि सीएचसी नौहराधार के नए भवन के उद्घाटन की नई तारीख जल्द तय की जाए और अस्पताल को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जाए। लोगों का कहना है कि उन्होंने करीब दस वर्षों तक इस भवन का इंतजार किया है, अब उन्हें उद्घाटन और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए और लंबा इंतजार न करना पड़े।
नौहराधार सीएचसी आसपास की करीब 18 पंचायतों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। ऐसे में नए भवन के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। अब लोगों की नजर सरकार की ओर से घोषित की जाने वाली नई उद्घाटन तिथि पर टिकी हुई है।

