महमूदाबाद, सीतापुर/31 Dec 2025/S.B.C.अनुज कुमार जैन
स्काउटिंग और गाइडिंग का मुख्य उद्देश्य युवाओं के संपूर्ण चरित्र का निर्माण कर उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाना है। यह नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों के विकास के साथ समाज सेवा, अनुशासन, टीम वर्क, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल सिखाता है। साथ ही यह देश के प्रति कर्तव्य और प्रेम की भावना को मजबूत कर सार्वभौमिक भाईचारे का संदेश देता है, जिससे छात्रों का सर्वांगीण विकास होता है।

उक्त विचार भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में महमूदाबाद स्थित मां संकटा देवी धाम के सत्संग भवन में आयोजित सात दिवसीय बेसिक कोर्स प्रशिक्षण शिविर के छठे दिन विधान सभा कुर्सी के विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने व्यक्त किए। उन्होंने शिविर की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों की सराहना करते हुए स्काउट-गाइड आंदोलन को चरित्र निर्माण का प्रभावी माध्यम बताया।

कार्यक्रम को जिला मुख्यायुक्त भारत स्काउट एंड गाइड बाराबंकी रामकुमार गिरि, सीतापुर जिला मुख्यायुक्त रमेश वाजपेयी तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुधाकर शुक्ल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा स्काउट, गाइड, कब एवं बुलबुल द्वारा लगाए गए टेंटों का निरीक्षण किया गया।

सायंकालीन कार्यक्रमों की श्रृंखला में आयोजित ग्रैंड कैंप फायर के दौरान प्रशिक्षुओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं समाजोपयोगी नाटक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। व्यवस्थित टेंट निर्माण एवं प्रशिक्षण में योगदान देने वाले प्रशिक्षकों तथा शिविर में विशेष सहयोग करने वाले विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों सहित लगभग 25 लोगों को माल्यार्पण, स्मृतिचिन्ह एवं स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया गया।

शिविर के छठे दिन नेशनल इंटर कॉलेज फतेहपुर के प्रधानाचार्य रामू मौर्य, ऋषि मिश्र, एलओसी स्काउट राजेंद्र त्रिपाठी, शशिबाला, मालती वर्मा, अभिषेक वर्मा, नीरज पांडेय, आशीष पांडेय, रामप्रवेश प्रजापति, मयंक मिश्र, विनय शुक्ल, दिलीप सिंह, बच्चा सिंह, आंजनेय आशीष, रोहित सिंह, शैलेंद्र वर्मा, श्रीनिवास मिश्र सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षु विजेंद्र सिंह एवं अंजली रावत ने किया।

