Reading: अटल स्मृति समारोह में कांग्रेस पर बरसे पवन काजल, बोले—गारंटियां बनीं जुमले, जनता से हुआ विश्वासघात

अटल स्मृति समारोह में कांग्रेस पर बरसे पवन काजल, बोले—गारंटियां बनीं जुमले, जनता से हुआ विश्वासघात

RamParkash Vats
3 Min Read

भरमाड़, जवाली/30/12/2025/राम प्रकाश वत्स

जयंती के उपलक्ष्य में विधानसभा क्षेत्र ज्वाली के भरमाड़ स्थित शिब्बो थान मैदान में अटल स्मृति समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं भाजपा उपाध्यक्ष पवन काजल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के समाजसेवी व भाजपा प्रत्याशी संजय गुलेरिया विशेष रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम में दोनों नेताओं का जोरदार स्वागत किया गया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष डॉ. राजिंदर सिंह, महासचिव सुलक्षण शर्मा, जिला अध्यक्ष एससी मोर्चा रवि कुमार, जिला अध्यक्ष ओबीसी योग राज मेहरा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक पवन काजल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले जनता से की गई कांग्रेस की दस गारंटियां आज सिर्फ जुमले बनकर रह गई हैं। काजल ने प्रदेश सरकार में पशुपालन एवं कृषि मंत्री चंद्र कुमार पर सवाल उठाते हुए कहा कि ज्वाली क्षेत्र की जनता जवाब मांग रही है।

उन्होंने एक-एक कर कांग्रेस के वादों पर सवाल खड़े किए—महिलाओं को दिए जाने वाले 1500 रुपये कहां हैं, युवाओं को रोजगार देने का वादा क्यों पूरा नहीं हुआ, किसानों से गोबर और दूध ऊंचे दामों पर खरीदने की घोषणाएं कहां चली गईं, 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा किस शॉर्ट सर्किट में उड़ गया और प्रदेश के युवाओं की नौकरियां आखिर कहां चली गईं। काजल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनता की उम्मीदों के साथ खिलवाड़ किया है, जिससे आज प्रदेश की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

भाजपा प्रत्याशी संजय गुलेरिया ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा कथनी नहीं, करनी में विश्वास रखने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है।
वक्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा ही देश और प्रदेश को मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध बना सकती है।
समारोह के अंत में अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए और उनके सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया गया। साथ ही आगामी समय में भाजपा को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया गया।
इस मौका पर
अटल स्मृति समारोह में विधायक पवन काजल, भाजपा प्रत्याशी संजय गुलेरिया, जिला महामंत्री राजेश्वर हैप्पी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य परमजीत मनकोटिया, मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष अखिल मन्हास सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!