JAWALI(KANGRA)28/12/2025 ब्यूरो चीफ विजय समयाल
इंदौरा में पुलिस ने अवैध खैर लकड़ी की तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए देर रात एक पिकअप वाहन को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत थाना इंदौरा की टीम ने नाकाबंदी के दौरान इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 दिसंबर 2025 की रात करीब 10:45 बजे थाना इंदौरा की पुलिस टीम इंदपुर चौक पर गश्त और नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान कच्चे लिंक रोड (कत्था फैक्ट्री, इंदपुर) की ओर से इंदौरा–गंगथ मुख्य सड़क की तरफ आ रहे एक संदिग्ध पिकअप वाहन नंबर PB35Q-8133 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पिकअप वाहन से खैर की लकड़ी के कुल 27 लॉग (छोटे-बड़े) बरामद किए गए। वाहन चालक की पहचान करनैल सिंह पुत्र चरणदास, निवासी गांव व डाकघर चन्नौर, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा, उम्र करीब 55 वर्ष के रूप में हुई। पूछताछ में चालक खैर की लकड़ी के संबंध में कोई भी वैध परमिट, लाइसेंस या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।
प्रथम दृष्टया मामला अवैध वन उपज के परिवहन का पाए जाने पर थाना इंदौरा में एफआईआर संख्या 219/25 के तहत धारा 303(2) बीएनएस तथा धारा 41 व 42 भारतीय वन अधिनियम में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने कहा कि अवैध वन कटान और लकड़ी की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई सख्ती से जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

