Reading: राजा का तालाब में शुरू हुई पैड ल बोटिंग, पर्यटन आकर्षण बढ़ाने की कवायद तेज

राजा का तालाब में शुरू हुई पैड ल बोटिंग, पर्यटन आकर्षण बढ़ाने की कवायद तेज

RamParkash Vats
3 Min Read

राजा का तालाब में दो पैडल बोट शुरू, नेरना महिला मंडल संभालेगा संचालन और रखरखाव; जीर्णोद्धार के तीसरे चरण में कंक्रीट वॉल, टाइल, बेंच और सैर ट्रैक के साथ सीसीटीवी व सोलर लाइट से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी


विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर के राजा का तालाब को पर्यटन और मनोरंजन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। बुधवार को विधायक भवानी सिंह पठानिया ने राजा का तालाब में दो नई पैडल बोट उतारकर बोटिंग सुविधा का शुभारंभ किया। बोटों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी नेरना महिला मंडल को सौंपी गई है। इससे स्थानीय लोगों को मनोरंजन की सुविधा मिलने के साथ महिला मंडल के लिए आय का एक नया माध्यम भी उपलब्ध होगा।

विधायक भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि राजा का तालाब क्षेत्र की महत्वपूर्ण धरोहर है और इसे सुंदर पर्यटन एवं मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बोटिंग से होने वाली आय के साथ बोटों के रखरखाव की जिम्मेदारी भी महिला मंडल संभालेगा। उन्होंने बोटिंग करने वाले लोगों से सुरक्षा जैकेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने तथा तालाब की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक वातावरण के बीच पैडल बोटिंग शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी नया आकर्षण मिलेगा।

राजा का तालाब के जीर्णोद्धार के तीसरे चरण में विकास कार्य भी जारी हैं। तालाब के चारों ओर कंक्रीट वॉल, लॉकिंग टाइल और लोगों के बैठने के लिए बेंच लगाने का काम चल रहा है। इसके अलावा आगामी चरण में तालाब के चारों ओर सैर के लिए ट्रैक विकसित करने की योजना है। तालाब की सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। विधायक ने अधिकारियों को सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा तालाब के चारों ओर सोलर लाइटें स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। इससे रात के समय निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

विधायक ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि राजा का तालाब को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्य पूरे होने के बाद यह स्थल स्थानीय लोगों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन सकता है। पैडल बोटिंग की शुरुआत को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!