Reading: शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता: प्रो. चंद्र कुमारज्वाली स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, क्षेत्र में करोड़ों की विकास योजनाएं प्रगति पर

शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता: प्रो. चंद्र कुमारज्वाली स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, क्षेत्र में करोड़ों की विकास योजनाएं प्रगति पर

RamParkash Vats
4 Min Read

VIEDO NEWS INDIA AAJ TAK
कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना है, ताकि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी प्रतिस्पर्धी युग में आगे बढ़ सकें। वे आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्वाली के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने, नशे से दूर रहने तथा शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में डे-बोर्डिंग स्कूल खोले जा रहे हैं तथा सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम की शुरुआत की गई है। इसके साथ ही प्रदेश के 100 सरकारी स्कूलों में आगामी सत्र से सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों को भी चरणबद्ध तरीके से भरा जा रहा है, जिससे शैक्षणिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा ज्वाली क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि सड़कों, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा ठंगर में राजीव गांधी गवर्नमेंट मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल के प्राइमरी ब्लॉक का निर्माण 5 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जबकि राजकीय डिग्री कॉलेज ज्वाली के नए भवन के लिए भी 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सिविल अस्पताल ज्वाली में 50 बिस्तरों की अतिरिक्त सुविधा 6.42 करोड़ रुपये से तथा आईटीआई ज्वाली में अतिरिक्त भवन 7.83 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन है।

जल शक्ति विभाग की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि अमृत-2 योजना के तहत ज्वाली शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 15.74 करोड़ रुपये, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सीवरेज योजना पर 5.05 करोड़ रुपये तथा ट्यूबवेलों के सुधार एवं विस्तार पर 16.70 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

वहीं आरडीएसएस योजना के तहत बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए 7.25 करोड़ रुपये की परियोजना पर कार्य चल रहा है, जिसके अंतर्गत नए ट्रांसफार्मर, लाइन विस्तार और स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे।समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए प्रो. चंद्र कुमार ने अपनी ऐच्छिक निधि से 15 हजार रुपये देने की घोषणा की। इससे पूर्व विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रभात चंद ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने विद्यालय परिसर में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त भवन का विधिवत लोकार्पण भी किया।
उन्होंने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्वाली में खेल मैदान के विकास के लिए 15 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। नाले के साथ रिटेनिंग वॉल निर्माण एवं ग्राउंड को समतल करने का कार्य 10 लाख रुपये की लागत से प्रगति पर है, जबकि शेष 5 लाख रुपये से जिम का सामान उपलब्ध करवाया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर खेल एवं फिटनेस सुविधाएँ मिल सकेंगी।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!