ज्वाली, 27 दिसंबर2025/ News India Aaj Tak /Ram Parkash Vats
Viedo /27/12/2025 Saturday/NIAT
कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटला के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने, नशे से दूर रहने तथा शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों में सक्रिय रहने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम लागू किया है, जबकि आगामी सत्र से प्रदेश के 100 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के ठंगर में डे-बोर्डिंग स्कूल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

कृषि मंत्री ने कोटला क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि सांस्कृतिक कलामंच पर 8 लाख, बास्केटबॉल ग्राउंड पर 3 लाख तथा स्टेडियम निर्माण पर 15 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा कोटला बायपास के सुधारीकरण पर 3.84 करोड़, दुराना–सिहुनी सड़क पर 10 करोड़, हरियां–कुठेड़ सड़क पर 7.91 करोड़ तथा रजोल अनुही बग्गा सड़क व पुल निर्माण पर 10 करोड़ रुपये की लागत से कार्य प्रगति पर हैं।

जल शक्ति विभाग के तहत देहर खड्ड में बाढ़ नियंत्रण कार्यों पर 5.74 करोड़, कोटला नगर में भूस्खलन शमन पर 4.90 करोड़ तथा विभिन्न योजनाओं के पुनर्स्थापन के लिए 3 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जल संरक्षण एवं सिंचाई को सुदृढ़ करने के लिए चेक डैम, भूमि संरक्षण कार्य, शैलो बोरवेल, जल भंडारण टैंक और छह सोलर पंपिंग मशीनों की स्थापना भी की जा रही है।
बिजली आपूर्ति सुधार के लिए त्रिलोकपुर सब-स्टेशन की क्षमता 6.30 एमवीए से बढ़ाकर 9.45 एमवीए की जा रही है, जबकि कोटला मुख्य बाजार में ट्रांसफार्मर की क्षमता 100 केवीए से बढ़ाकर 250 केवीए की जाएगी। अन्य क्षेत्रों में भी ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने के कार्य किए जा रहे हैं।

प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार के गठन के बाद प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार पारदर्शी और जनहितकारी नीतियों के साथ कार्य कर रही है, जिसका लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कृषि मंत्री ने उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 15 हजार रुपये देने की घोषणा की। इससे पूर्व विद्यालय की प्रधानाचार्य बबीता सहोत्रा ने स्कूल की वार्षिक गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर एसएमसी प्रधान संदीप धीमान, पूर्व जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा, जिला युवा कांग्रेस महासचिव सचिन गुलरिया, स्टेट वाइस प्रेसिडेंट जीतू धीमान, पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

