Shimla/27/12/2025 ब्यूरो चीफ विजय समयाल
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि आपदा की हर घड़ी में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवेदनशील नेतृत्व में अब तक प्रदेश को 5800 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। यह सहायता केवल आर्थिक नहीं, बल्कि हिमाचल के लोगों के प्रति केंद्र सरकार की मानवीय प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिससे संकट की घड़ी में प्रदेश को संबल मिला है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में केंद्र सरकार ने आपदा राहत एवं पुनर्वास के लिए 601.92 करोड़ रुपये की दूसरी किश्त जारी कर एक बार फिर हिमाचल हित को सर्वोपरि रखा है। यह राशि पोस्ट डिजास्टर नीड असेसमेंट (PDNA) के तहत नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फंड से स्वीकृत की गई है, जिससे प्रदेश में चल रहे पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों को नई गति मिलेगी। इससे पहले भी केंद्र सरकार पहली किश्त के रूप में 400 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी कर चुकी है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि जहां एक ओर कांग्रेस सरकार केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में उलझी रही, वहीं भाजपा की केंद्र सरकार ने बिना किसी भेदभाव के हिमाचल की हर आपदा में खुलकर मदद की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई अतिरिक्त सहायता घोषणाएं और स्वयं आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण यह साबित करता है कि भाजपा सरकार हिमाचल के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और प्रदेश को संकट से उबारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

