Reading: सरकारी शिक्षण संस्थानों को सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए प्रदेश सरकार प्रयासरत: प्रो. चंद्र कुमारघाड़-जरोट स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

सरकारी शिक्षण संस्थानों को सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए प्रदेश सरकार प्रयासरत: प्रो. चंद्र कुमारघाड़-जरोट स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

RamParkash Vats
5 Min Read

ज्वाली, 25 दिसंबर 2025, NIAT,News Desk, RAM PARKASH VATS


कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घाड़-जरोट के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी शिक्षण संस्थानों को सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार नए शिक्षण संस्थान खोलने की संख्या बढ़ाने के बजाय मौजूदा संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने पर केंद्रित है। कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों को निकटवर्ती बेहतर संस्थानों से जोड़े जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को उच्च स्तर की शिक्षा मिल सके। इसके लिए छात्रों के आने-जाने का खर्च भी सरकार वहन करेगी।

प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने प्रदेश में शिक्षा के विस्तार के लिए अनेक स्कूल और कॉलेज स्थापित किए हैं। वर्तमान समय की मांग शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने की है और इसी लक्ष्य के साथ प्रदेश सरकार योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चरणबद्ध रूप से डे-बोर्डिंग स्कूल खोले जा रहे हैं, जिनमें इंडोर स्टेडियम, खेल सुविधाएं और आधुनिक आधारभूत ढांचा विकसित किया जा रहा है। साथ ही सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम प्रारंभ किया गया है तथा राज्य के 100 सरकारी विद्यालयों में आगामी सत्र से सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने का निर्णय लिया गया है।

ज्वाली विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास कांग्रेस सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम
कृषि मंत्री ने कहा कि ज्वाली विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष परिणाम है। उन्होंने क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि घाड़-जरोट-अमलेला सड़क, बाजेरा-घाड़ सड़क तथा बाजेरा-मन्हास-गिरन खड्ड सड़क की एक-एक किलोमीटर टारिंग पर 12-12 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। घाड़-जरोट-अमलेला सड़क पर 10 लाख रुपये की लागत से कंक्रीट पेवमेंट का निर्माण किया गया है, जबकि इसी सड़क की तीन किलोमीटर टारिंग पर 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

न्होंने बताया कि गज्ज खड्ड पर 87 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल के लिए मिट्टी परीक्षण व ड्राइंग अप्रूवल की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा। घाड़-जरोट में 25 लाख रुपये की लागत से वेटरनरी डिस्पेंसरी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र की 16 पंचायतों के 45 गांवों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 29.65 करोड़ रुपये की लागत से उठाऊ पेयजल योजना तैयार की गई है, जिसके तहत 23 स्टोरेज टैंक, पांच पंप हाउस तथा चार ट्यूबवेल निर्मित किए जा चुके हैं और मशीनरी की टेस्टिंग जारी है

इसके अतिरिक्त 213.40 करोड़ रुपये की लागत से सुखाहार मध्यम सिंचाई योजना तैयार की जा रही है, जिससे 2186 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। इस योजना की डीपीआर जल संसाधन मंत्रालय, नई दिल्ली में निवेश स्वीकृति की प्रक्रिया में है। उन्होंने बताया कि ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में विद्युत ढांचे को भी सुदृढ़ किया जा रहा है, जिसके तहत पुराने ट्रांसफार्मरों को उच्च क्षमता वाले नए ट्रांसफार्मरों से बदला जा रहा है तथा नई एचटी-एलटी लाइनें स्थापित की जा रही हैं।

समारोह के दौरान कृषि मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को अपनी ऐच्छिक निधि से 15 हजार रुपये तथा विद्यालय में नए शौचालयों के निर्माण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की।इससे पूर्व विद्यालय की प्रधानाचार्या रविंद्र कौर ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह, शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया तथा विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी।

समारोह में स्कूल प्रिंसिपल प्रदीप सिंह, एसएमसी प्रधान सुशीला देवी, ब्लॉक कांग्रेस जनरल सेक्रेटरी रामपाल धीमान, पंचायत प्रधान कर्मचंद, बीडीसी सदस्य कुसुम, जिला यूथ कांग्रेस जनरल सेक्रेटरी सचिन गुलरिया, यूथ कांग्रेस ज्वाली प्रधान मिट्ठू, पूर्व प्रधान शेर सिंह, रियासता देवी, दर्शना, बीडीओ मनोज शर्मा, एसडीओ जल शक्ति अमन सोनी, एसडीओ पीडब्ल्यूडी नरेंद्र कुमार, एसडीओ बिजली बोर्ड कपिल सहित विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक, अध्यापक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!