शिमला22 Derc 2025/NIAT /Suter
हिमाचल प्रदेश की विश्वविख्यात पर्यटन नगरी मनाली में पुलिस ने एक बड़े देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश करते हुए पांच लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस गिरोह में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं, जो मालरोड क्षेत्र में सरेआम पर्यटकों से सौदेबाजी कर देह व्यापार का संचालन कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जबरन इस धंधे में धकेली गईं चार युवतियों को भी सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मनाली के मालरोड क्षेत्र में लंबे समय से अवैध गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही थीं। स्थानीय लोगों और व्यापारियों द्वारा कई बार पुलिस से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने गुप्त निगरानी शुरू की और रविवार शाम सुनियोजित तरीके से जाल बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान पुलिस ने देखा कि कुछ लोग पर्यटकों को रोककर खुलेआम सौदेबाजी कर रहे थे। संदिग्ध गतिविधियों पर शक होने के बाद पुलिस ने पूछताछ की, जिसमें पूरा गिरोह बेनकाब हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला दिल्ली की रहने वाली है, जबकि दो महिलाएं पंजाब से बताई जा रही हैं। पुरुष आरोपियों की पहचान 29 वर्षीय विश्वदेव पुत्र धर्म चंद, निवासी बढ़ई, तहसील व जिला कुल्लू तथा 23 वर्षीय सूरज पुत्र कर्ण कुमार, निवासी जिला कठुआ, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी पर्यटकों को अपने जाल में फंसाकर अवैध देह व्यापार के लिए सौदे तय करते थे।कार्रवाई के दौरान चार युवतियों को इस गिरोह के चंगुल से मुक्त कराया गया, जिन्हें प्राथमिक पूछताछ के बाद सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि युवतियों को जबरन इस धंधे में धकेले जाने के संकेत मिले हैं, जिसके चलते मानव तस्करी समेत अन्य धाराओं में भी मामला दर्ज किया जा सकता है।
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से पर्यटन नगरी में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

