शिमला)/13/12/2025/राज्य चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि यह देश के लिए सौभाग्य की बात है कि राष्ट्र की कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम और सुरक्षित हाथों में है, वहीं विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन भारतीय जनता पार्टी की जिम्मेदारी हिमाचल के बेटे और राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा संभाल रहे हैं। दोनों ही शीर्ष नेताओं का हिमाचल से गहरा जुड़ाव है और वे प्रदेश की चिंता भी करते हैं।

जयराम ठाकुर ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का देवभूमि हिमाचल की जनता की ओर से हार्दिक अभिनंदन करते हुए बिहार में एनडीए की शानदार जीत पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि नड्डा के नेतृत्व में पार्टी ने देश के एक कोने से दूसरे कोने तक विजय का सिलसिला कायम किया है, जिसे स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। बिहार की जीत के बाद देशभर में एक सकारात्मक संदेश गया है, जो संगठन को और मजबूती देगा।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पार्टी बड़ी है तो कार्यालय भी बड़ा होना चाहिए था, इस कमी को राष्ट्रीय अध्यक्ष ने शिमला मुख्यालय में नए भव्य कार्यालय के शिलान्यास के साथ पूरा कर दिया है। जल्द ही शिमला में भाजपा का आधुनिक और विशाल कार्यालय तैयार होगा।
प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर सत्ता में आई सरकार के तीन साल पूरे होने वाले हैं, लेकिन पूरा हिमाचल इस दौर को बर्बादी के रूप में महसूस कर रहा है। वर्ष 2023 से प्रदेश प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहा है, जिसमें करीब 400 लोगों की जान चली गई, लेकिन सरकार ने संवेदनशीलता दिखाने के बजाय जश्न मनाया। आपदा अधिनियम की आड़ में पंचायत चुनाव टाल दिए गए, वहीं जश्न पर करोड़ों रुपये खर्च कर दिए गए।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में भाजपा सरकार के कार्यकाल के अंत में प्रदेश पर 70 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, जिसमें से भाजपा सरकार ने पांच वर्षों में मात्र 20 हजार करोड़ रुपये का ऋण लिया। इसके विपरीत वर्तमान सरकार ने केवल तीन साल में लगभग 40 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेकर प्रदेश की आर्थिक स्थिति को गंभीर संकट में डाल दिया है।
कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि नड्डा जी ने कांग्रेस को ‘बोलेरो’ में समेट दिया है और अब भाजपा का लक्ष्य हिमाचल में कांग्रेस को ‘ऑल्टो’ में फिट करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में न विकास हो रहा है और न ही गारंटियों का कोई अता-पता है। यह प्रदेश किसी एक पार्टी का नहीं, बल्कि हम सबका है।
अंत में उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वह इस भ्रष्ट और जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प ले। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जैसे देश के अन्य राज्यों में भाजपा की सरकारें बनेंगी, वैसे ही हिमाचल प्रदेश में भी एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।

