Dharmshala, 28/11/2025 ब्यूरो चीफ विजय समयाल
विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष ने राज्य सरकार पर पेंशनरों की उपेक्षा का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की लापरवाही ने हजारों बुजुर्गों को सड़क पर उतरने पर मजबूर कर दिया है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि लंबे समय से पेंशनरों को उनके वैधानिक वित्तीय लाभ नहीं मिल रहे, जबकि कई की ग्रेच्युटी और चिकित्सा बिल भी लंबित पड़े हैं। उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि बुजुर्ग पेंशनरों को अपने हकों के लिए धरना देना पड़ रहा है, जो किसी भी संवेदनशील सरकार के लिए शर्म की बात है।
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि पुरानी पेंशन बहाली से लेकर लंबित भुगतानों तक, सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हो रही है। उनका कहना था कि पेंशनरों की आवाज सुनने के बजाय सरकार ने उनके मुद्दों को दरकिनार किया है, जिससे असंतोष बढ़ रहा है। विपक्ष का यह भी आरोप था कि जब पेंशनरों का विशाल जत्था विधानसभा गेट की ओर बढ़ रहा था, तब सत्ता पक्ष के कुछ विधायक उनके बीच आ गए, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति बन गई।विपक्ष ने इसे सरकार की “कर्मचारी-विरोधी मानसिकता” का उदाहरण बताते हुए कहा कि यदि समय रहते समस्याएं नहीं सुलझीं, तो यह असंतोष और व्यापक रूप ले सकता है।

