राजनीतिक रिपोर्ट, धर्मशाला, 28/11/2025 ब्यूरो चीफ विजय समयाल
धर्मशाला में चल रहे हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र का तीसरा दिन राजनीतिक गर्माहट और तीखी नोकझोंक का गवाह बना। सदन के भीतर और बाहर दोनों जगह हालात इतने तनावपूर्ण रहे कि माहौल चुनावी रैलियों जैसा प्रतीत हुआ। विधानसभा गेट के बाहर बुधवार सुबह बीजेपी और कांग्रेस के विधायकों के बीच नारेबाजी और आरोप–प्रत्यारोप उस समय चरम पर पहुंच गए, जब दोनों पक्ष तख्तियां लेकर एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चाबंदी करते दिखे।
विपक्षी दल बीजेपी पूर्व कर्मचारियों और पेंशनरों के लंबित वित्तीय लाभों को लेकर प्रदर्शन कर रहा था, जबकि सत्ता पक्ष कांग्रेस केंद्र सरकार पर आपदा राहत में भेदभाव का आरोप लगाते हुए गेट पर पहुंच गया। दोनों पक्षों की भिड़ंत ने विधानसभा परिसर को राजनीतिक अखाड़े में बदल दिया।

