नगरोटा ससूचियां /27/11/2025/संपादक राम प्रकाश वत्स

नगरोटा सुरियाँ। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नगरोटा सुरियाँ में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के शिविर का दूसरा दिन शिक्षक और छात्रों के बीच ज्ञानवर्धक गतिविधियों के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर स्कूल प्रिंसिपल हरभजन सिंह सोहल की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में खंड स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सुभाष चंद ने रिसोर्स पर्सन के रूप में बच्चों को एनएसएस के उद्देश्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनएसएस युवाओं को समाज सेवा, नेतृत्व कौशल और सामाजिक समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने बच्चों को सेवा भाव और भाईचारे के महत्व को समझाते हुए समाज के विकास में योगदान देने का संदेश दिया।

शिविर में स्वास्थ्य जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। सुभाष चंद ने राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत चल रहे 60 दिवसीय “तंबाकू मुक्त युवा कैंपेन” की जानकारी दी। उन्होंने किशोरों और युवाओं को तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट व अन्य नशे के हानिकारक प्रभावों से अवगत कराया। बच्चों को बताया गया कि नशे से कैंसर, हृदय रोग, लिवर और किडनी जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कोटपा एक्ट 2003 के प्रावधानों, शिक्षा संस्थानों में तंबाकू निषेध और कानूनी जुर्माने के बारे में भी बताया। इसके साथ ही बच्चों को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, हिमकेयर योजना और मुख्यमंत्री सहारा योजना जैसी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी गई।

महिला स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सुमन कुमारी ने प्राथमिक उपचार, व्यक्तिगत स्वच्छता और कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) के आपातकालीन प्रयोग के बारे में विस्तार से बच्चों को प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर एनएसएस समन्वयक सुदेश कुमार, अंजना देवी व अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। शिविर में कुल 50 छात्र-छात्राएं सक्रिय रूप से भाग लिए और समाज सेवा तथा स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व को समझा।

