पौंगबांध क्षेत्र में पर्यटन विकास को गति देने के लिए सड़क व पुल निर्माण का कार्य जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है, वह न केवल स्थानीय बस्तियों को जोड़ने वाला ढांचागत प्रयास है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र की संभावनाओं को नया आयाम देने वाला कदम भी है। महाराणा प्रताप सागर (पौंगबांध) के किनारों से होकर गुजरने वाला यह मार्ग, जो सूखे जरिया-पानी के साथ निर्मित किया जा रहा है, आने वाले समय में पर्यटन की दिशा बदलने की क्षमता रखता है। इस मार्ग के पूर्ण होने पर न केवल आवागमन आसान होगा बल्कि पौंग झील के अनछुए सौंदर्य से दुनिया को रूबरू कराने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

यह सर्वविदित है कि पौंगबांध पर सूर्योदय और सूर्यास्त का नजारा अवर्णनीय होता है। जब सुबह की पहली किरणें अथवा शाम की अंतिम रोशनी झील के पानी पर पड़ती हैं, तो पूरा जलराशि मानो सुनहरी चादर ओढ़ लेती है। यह दृश्य प्रकृति प्रेमियों के लिए एक अनुपम उपहार है। सड़क और पुल निर्माण के बाद यह सौंदर्य अधिक सुलभ होगा और स्थानीय लोग हों या बाहरी पर्यटक—सभी इस अद्भुत दृश्य का अनुभव सहजता से कर सकेंगे। पर्यटन गतिविधियों में बढ़ोतरी स्वाभाविक तौर पर सरकार के राजस्व को भी मजबूती देगी, साथ ही आसपास के क्षेत्रों के लिए नई संभावनाएं भी खोलेगी।
इसी क्रम में नगरोटा सुरिया–जरोट पुल का निर्माण ज्वाली और नगरोटा सुरिया के लिए विकास की नई कहानी लिखने जा रहा है। वर्षों से लंबित यह परियोजना अब पूर्णता की ओर है, और इसके पूरा होते ही दोनों क्षेत्रों के बीच दूरी और यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी। बेहतर संपर्क व्यवस्था व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं तक पहुंच को सुगम बनाएगी। यह पुल वास्तव में दोनों क्षेत्रों को एक इकाई के रूप में जोड़ने वाला सेतु सिद्ध होगा, जो सामाजिक और आर्थिक विकास की नई राह खोलेगा।
पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार द्वारा वॉटर स्पोर्ट्स की संभावनाओं को विकसित करने का प्रयास सराहनीय है। कयाकिंग, बोटिंग, जेट स्कीइंग जैसे रोमांचक गतिविधियां इस क्षेत्र को युवाओं और एडवेंचर प्रेमियों के लिए नया केंद्र बना सकती हैं। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार, प्रशिक्षण और स्व-रोज़गार के अनेक अवसर मिलेंगे। होमस्टे, स्थानीय उत्पाद बिक्री और गाइड सेवाओं के विस्तार से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और पलायन पर भी रोक लगेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। ।अंत में कहा जा सकता है कि सड़क और पुल निर्माण का यह प्रयास केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि विकास, पर्यटन विस्तार औरआर्थिक सशक्तिकरण की नई नींव है। पौंगबांध क्षेत्र और ज्वाली-नगरोटा सुरिया का भविष्य इन परियोजनाओं के साथ उज्ज्वल होता प्रतीत होता है।

