Reading: चक्की पुल पर नूरपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: आल्टो कार में सवार 4 युवक चिट्टे संग दबोचे, तस्करी की कड़ियां खंगालने में जुटी पुलिस

चक्की पुल पर नूरपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: आल्टो कार में सवार 4 युवक चिट्टे संग दबोचे, तस्करी की कड़ियां खंगालने में जुटी पुलिस

RamParkash Vats
2 Min Read

Mainoffice News India Aaj Tak /Editor Ram Parkash Vats

नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान में नूरपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुबह-सुबह नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक कार में सवार चार युवकों को चिट्टा (हैरोइन) के साथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस अब इस नेटवर्क की गहराई तक पहुंचने की कोशिश में जुट गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 07:25 बजे पुलिस टीम चक्की पुल कंडवाल के पास नियमित नाकाबंदी और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही काले रंग की ऑल्टो कार (HP73A-1965) को शक के आधार पर रुकवाया गया। जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो कार के भीतर से 4.24 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद हुआ।

पुलिस ने बिना देर किए कार में सवार चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दरवेश नाथ, निवासी चुकरासा, कमलेश कुमार, निवासी करियां, नितिन सिंह, निवासी गुरार और विकास कुमार, निवासी करियां, जिला चम्बा के रूप में हुई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना नूरपुर में FIR नंबर 137/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद चिट्टा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही आल्टो कार को भी कब्जे में ले लिया है।

सूत्रों की मानें तो अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर यह नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किस इलाके में की जानी थी। नूरपुर पुलिस ने साफ संकेत दिए हैं कि नशा कारोबारियों के खिलाफ शिकंजा लगातार और कड़ा किया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!