मुंबई, 1 नवंबर 2025/ न्यूज़ इंडिया आजतक डाट कम ससंपादक राम प्रकाश वत्स
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका देते हुए मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोलंबो (श्रीलंका) से आई एक महिला यात्री से 4.7 किलोग्राम कोकीन बरामद की है। इस मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 47 करोड़ रुपये बताई गई है।

सूत्रों के अनुसार, डीआरआई को गुप्त सूचना मिली थी कि श्रीलंका से आने वाली एक महिला यात्री भारत में कोकीन की खेप लेकर आ रही है। सूचना के आधार पर तैनात अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर सतर्कता बढ़ाई और संदिग्ध यात्री के पहुंचते ही उसके सामान की गहन जांच की। तलाशी के दौरान कॉफी के पैकेटों के भीतर सफेद पाउडर के नौ पाउच मिले, जिनका एनडीपीएस फील्ड टेस्ट करने पर वह कोकीन पाया गया।
डीआरआई अधिकारियों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए इस तस्करी से जुड़े चार अन्य व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया। इनमें एक व्यक्ति वह था जो एयरपोर्ट पर खेप लेने पहुंचा था, जबकि तीन अन्य वित्तपोषण, लॉजिस्टिक्स और वितरण नेटवर्क का हिस्सा बताए जा रहे हैं। सभी आरोपियों को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया है।

डीआरआई के अनुसार, हाल की घटनाओं से यह चिंताजनक प्रवृत्ति सामने आई है कि अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट भारतीय महिलाओं को कूरियर के रूप में उपयोग कर रहे हैं और मादक पदार्थों को खाद्य वस्तुओं में छिपाकर तस्करी की कोशिश कर रहे हैं। एजेंसी ने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जड़ें तलाशने के लिए जांच जारी है और संगठन “नशा मुक्त भारत” के संकल्प के तहत नशीले पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

