चंबा(Shimla) 16/10/2025,RCB Vijay Samyal
हिमाचल प्रदेश के शांत और शिक्षित कहे जाने वाले पहाड़ी ज़िले चंबा में एक शर्मनाक मामला सामने आया है। सरकारी स्कूल में तैनात एक शिक्षक पर छात्रा को मोबाइल पर अश्लील सामग्री दिखाकर छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप लगने के बाद स्कूल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। आरोपी शिक्षक ने मौके पर माफीनामा लिखकर गलती स्वीकार की, लेकिन मामला तब तूल पकड़ गया जब पूरी घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 14 अक्तूबर की बताई जा रही है। छात्रा ने घर जाकर अपनी मां को पूरी बात बताई, जिसके बाद गुस्साई मां अगले दिन स्कूल पहुंची और शिक्षक को सबके सामने खरी-खोटी सुनाई। मामला बढ़ता देख स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) के सदस्य भी मौके पर पहुंचे। हंगामे के बीच आरोपी शिक्षक ने लिखित में माफी मांग ली।मामले के सार्वजनिक होते ही शिक्षा विभाग हरकत में आया। वीरवार को प्रारंभिक शिक्षा विभाग की टीम स्कूल पहुंची और छात्रा, आरोपी शिक्षक, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों के बयान दर्ज किए। विभाग ने घटना की प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार कर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को भेज दी है।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक बलवीर सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि “जांच टीम की रिपोर्ट मिल गई है। अब तथ्यों की गहराई से जांच की जा रही है। दोष सिद्ध होने पर शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी घटनाएं शिक्षा व्यवस्था की छवि को धूमिल करती हैं और इन्हें किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।दूसरी ओर, अभिभावक संघ और स्थानीय लोग इस पूरे प्रकरण से आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि शिक्षकों को जहां गुरु का दर्जा दिया गया है, वहीं ऐसे मामलों से समाज में विश्वास की जड़ें हिल जाती हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि आरोपी शिक्षक को तत्काल निलंबित कर पुलिस जांच भी करवाई जाए।

