Reading: हिमाचल में आपदा प्रबंधन पर जागरूकता अभियान: नूरपुर और जसूर में नुक्कड़ नाटक एवं गीत-संगीत के माध्यम से ग्रामीणों को सुरक्षा और सावधानियों की जानकारी दी गई

हिमाचल में आपदा प्रबंधन पर जागरूकता अभियान: नूरपुर और जसूर में नुक्कड़ नाटक एवं गीत-संगीत के माध्यम से ग्रामीणों को सुरक्षा और सावधानियों की जानकारी दी गई

RamParkash Vats
2 Min Read

नूरपुर, 15 अक्तूबर 2025/राज्य चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल: आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सौजन्य से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया। कलाकारों ने बताया कि घर बनाने से पहले स्थान की भौगोलिक स्थिति की जांच करवाना और विशेषज्ञों की सलाह लेना आवश्यक है। उन्होंने सुझाव दिया कि मकान ऐसी जगह पर बनाए जाएं जहां ढलान 30 से 40 मीटर से अधिक न हो और नदी-नालों से कम से कम 500 मीटर की दूरी बनी रहे, ताकि प्राकृतिक आपदाओं से जोखिम कम किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान भूकंप जैसी आपदाओं के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी गई। लोगों को सिखाया गया कि भूकंप के दौरान घबराने के बजाय सुरक्षित स्थान पर झुककर अपने सिर की रक्षा करें और भवनों से दूर खुले स्थानों में जाएं।इस विशेष प्रचार-प्रसार अभियान के अंतर्गत बुधवार को ग्राम पंचायत जसूर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जसूर और नूरपुर बस अड्डे पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश सरकार द्वारा आपदा प्रबंधन पर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर नगर परिषद नूरपुर की उपाध्यक्ष रजनी महाजन, जसूर पंचायत की प्रधान ज्योति कुमारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्रों में आपदा के प्रति सजगता बढ़ेगी और सुरक्षित निर्माण व जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!