शिमला /08/10/2025/चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल: हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को हुई भारी बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शिमला में हिमपात के बाद लाहुल के दारचा में खाद्य सामग्री और सेना की रसद से लदे 250 से अधिक वाहन बीच रास्ते में फंस गए हैं। लेह-मनाली, जांस्कर-मनाली और काजा-मनाली मार्गों पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। दो से आठ फीट तक बर्फबारी के कारण पांगी घाटी का संपर्क पूरी तरह टूट गया है।
रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा और चंबा के पांगी क्षेत्र में दो फीट तक बर्फ गिरी है। शिमला जिले की चांशल पीक, लाहुल के कोकसर, मढ़ी, गुलाबा, अटल टनल और धुंधी क्षेत्रों में भी भारी हिमपात हुआ है। केलंग में 20 सेंटीमीटर और कुकुमसेरी में 5.6 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज की गई।हिमपात के कारण सच्चे जोत मार्ग 15 अक्टूबर से पहले ही बंद करना पड़ा है।
प्रदेश में तापमान सामान्य से तीन से 17.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। लगातार वर्षा व बर्फबारी से धान की कटाई बाधित हुई है, वहीं किन्नौर और लाहुल-स्पीति में सेब तुड़ान व आलू की फसल भी प्रभावित हुई है। बरठीं (बिलासपुर) में सर्वाधिक 80 मिमी वर्षा और धर्मशाला में 6.1 डिग्री तापमान की गिरावट दर्ज की गई।

