Feathpur, (शिमला), 14 नवम्बर 2025.चीफ़ ब्यूरो : विजय समयाल
हिमाचल प्रदेश को प्राकृतिक कृषि राज्य बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार निरंतर कदम उठा रही है। इसी कड़ी में प्राकृतिक खेती के तहत उत्पादित मक्का की सरकारी खरीद के लिए इस वर्ष के बजट में मक्का का MSP 40 रुपये प्रति किलो तथा गेहूं का MSP 60 रुपये प्रति किलो निर्धारित किया गया है।सरकार की इस नीति को लागू करते हुए कांगड़ा जिले की फतेहपुर अनाज मंडी में 15 नवम्बर 2025 से प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्के की खरीद शुरू होने जा रही है। खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी खरीद केंद्रों के प्रभारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।इस संबंध में जानकारी देते हुए आत्मा परियोजना के खंड तकनीकी प्रबंधक सागर गुलेरिया और सह-तकनीकी प्रबंधक विशाल शर्मा ने बताया कि फतेहपुर अनाज मंडी में इस वर्ष चार ब्लॉकों—फतेहपुर, इंदौरा, नगरोटा सूरियां और नूरपुर के किसानों के लिए खरीद केंद्र संचालित किया जाएगा।अधिकारियों के अनुसार, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने हेतु तैयार इस योजना के तहत कुल 52 किसानों से लगभग 144.5 क्विंटल मक्का खरीदने की रूपरेखा बनाई गई है। विभाग का मानना है कि यह पहल किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए और अधिक प्रोत्साहित करेगी तथा उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगी।

