Reading: आज 07 अक्तूबर 2025 मंगलवार के 100 शब्दों में संक्षिप्त समाचार–न्यूज़ इंडिया आजतक न्यूज़ रूम- भरमाड (कांगड़ा)

आज 07 अक्तूबर 2025 मंगलवार के 100 शब्दों में संक्षिप्त समाचार–न्यूज़ इंडिया आजतक न्यूज़ रूम- भरमाड (कांगड़ा)

RamParkash Vats
17 Min Read
संपादक राम प्रकाश वत्स Mob:-88947-23376

हिमाचल कांग्रेस की नई कार्यकारिणी इसी महीने बनेगी, अध्यक्ष पद के लिए मची हलचल

शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि हिमाचल कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन इसी महीने किया जाएगा। कयास हैं कि इसी दौरान नए प्रदेश अध्यक्ष की भी नियुक्ति हो सकती है। अध्यक्ष पद के लिए विनय कुमार, रोहित ठाकुर, विनोद सुल्तानपुरी, कुलदीप राठौर और आशीष बुटेल प्रमुख दावेदार हैं। सीएम के अनुसार 13 अक्तूबर को वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण के बाद कार्यकारिणी घोषित होगी। पार्टी में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन के साथ युवाओं को भी प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने अध्यक्ष पद की अटकलों से इंकार किया है।

ठियोग (शिमला):ठियोग के शिलारू फल मंडी में सेब कारोबारी बलवीर कटोच से 3.81 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। बलवीर कटोच ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने और चार अन्य व्यापारियों ने बेंगलुरु निवासी मोहम्मद नाज़िम को 7.22 करोड़ रुपये के सेब बेचे। आरोपी ने केवल 3.40 करोड़ का भुगतान किया और 30 सितंबर को मंडी से गायब हो गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस ने ठियोग के कारोबारी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिमला: मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने निर्देश दिए हैं कि मानसून से क्षतिग्रस्त सभी सड़कों की मरम्मत कर उन्हें इसी महीने के अंत तक बहाल किया जाए। शीतकालीन मौसम की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने सड़कों की स्थिति और विभागीय कार्यों का जायजा लिया। गुप्ता ने एनएचएआई अधिकारियों को कीरतपुर-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग के सभी हिस्सों में कम से कम दो लेन सुचारू रूप से खुला रखने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटकों व स्थानीय लोगों को असुविधा न हो। अधिकारियों ने बताया कि भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त हिस्सों में भी यातायात बहाली के प्रयास तेज़ी से जारी हैं।

मंडी:मंडी में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर अप्रत्यक्ष निशाना साधते हुए कहा कि बड़ा नेता वही होता है जिसका योगदान भी बड़ा हो। उन्होंने कहा कि पार्टी के हित में काम होना चाहिए, न कि केवल व्यक्तिगत जीत के लिए। जयराम ने याद दिलाया कि 2022 में जब भाजपा को सीटों की जरूरत थी, तब कुछ बड़े नेता सहयोग नहीं कर पाए। मंडी जिले ने अकेले नौ सीटें दी थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनसंपर्क विभाग की एजेंसी उनकी छवि धूमिल कर रही है, जिसके खिलाफ वे अदालत जाएंगे और सीएम सुक्खू को पार्टी बनाने की बात कही।

शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने सभी विभागों से जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के रिक्त पदों को भरने के लिए 14 अक्तूबर तक प्रस्ताव मांगे हैं। इसके बाद प्राप्त प्रस्ताव स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नियुक्तियां जॉब ट्रेनी योजना के तहत राज्य भर्ती निदेशालय के माध्यम से होंगी। कार्मिक विभाग ने सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को मासिक मानदेय, सामान्य शर्तें, आरक्षण रोस्टर, वित्त विभाग की स्वीकृति, योग्यता और चयन प्रक्रिया सहित विवरण ऑफलाइन मोड में भेजने के निर्देश दिए हैं। भर्ती निदेशालय को सी श्रेणी के पदों पर सीधी भर्ती की नोडल एजेंसी बनाया गया है।

शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने सभी विभागों से जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के रिक्त पदों को भरने के लिए 14 अक्तूबर तक प्रस्ताव मांगे हैं। इसके बाद प्राप्त प्रस्ताव स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नियुक्तियां जॉब ट्रेनी योजना के तहत राज्य भर्ती निदेशालय के माध्यम से होंगी। कार्मिक विभाग ने सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को मासिक मानदेय, सामान्य शर्तें, आरक्षण रोस्टर, वित्त विभाग की स्वीकृति, योग्यता और चयन प्रक्रिया सहित विवरण ऑफलाइन मोड में भेजने के निर्देश दिए हैं। भर्ती निदेशालय को सी श्रेणी के पदों पर सीधी भर्ती की नोडल एजेंसी बनाया गया है।

शिमला: राज्य सरकार ने जिला परिषद के वार्डों की सीमाओं को ब्लॉकों की हदों से बाहर भी तय करने के लिए प्रारूप नियम तैयार किए हैं। इसके लिए आम लोगों से 15 दिनों में आपत्तियां व सुझाव मांगे गए हैं। पंचायती राज निर्वाचन नियम 1994 में प्रस्तावित संशोधन के तहत यदि विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों की जनसंख्या में भारी अंतर हो, तो सीमाएं पुनर्निर्धारित की जा सकेंगी। यह बदलाव केवल भौगोलिक परिस्थितियों और प्रशासनिक सुविधा को ध्यान में रखकर किया जाएगा। मौजूदा नियमों के अनुसार उपमंडल वार्डों का निर्धारण हो चुका है और चुनाव प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, इसलिए नया नियम संभवत: चुनाव से पहले लागू नहीं होगा।

शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के लिए शिमला संसदीय क्षेत्र से किसी मंत्री या विधायक को चुना जा सकता है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दिल्ली में कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल से फीडबैक लिया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की प्रबल दावेदारी है, वहीं विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार और अन्य नेता कुलदीप सिंह राठौर, संजय अवस्थी व विनोद सुल्तानपुरी भी संभावित उम्मीदवार हैं। क्षेत्रीय और जातीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए पद का निर्णय हाईकमान द्वारा किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण से पहले, 13 अक्टूबर तक अध्यक्ष पद पर फैसला होने की संभावना है।

ऊना: भाजपा विधायक व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने आरोप लगाया कि अधिकारी कार्यालयों में न बैठ सोशल मीडिया पर रीलें बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अराजकता फैली है और सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। सत्ती ने बताया कि ऊना में 15 दिनों से एसडीएम कार्यालय खाली है, फाइलें रुकी हैं और लोगों के काम ठप पड़े हैं। जिले में कानून-व्यवस्था बिगड़ चुकी है, युवा देसी कट्टे लेकर घूम रहे हैं और फिरौतियां मांगी जा रही हैं। अवैध खनन, शराब और जुए के धंधे फल-फूल रहे हैं जबकि प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।

घुमारवीं: पंचायत कुठेड़ा के गांव कुठेड़ा में प्रवीण कुमार के घर में शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा मकान जलकर राख हो गया। हादसे के समय घर में कोई नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। घर में दो कमरे, रसोई और सारा सामान जलकर खाक हो गया। अनुमानित नुकसान करीब 2 लाख रुपए बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही गांव के लोग पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने पहुंचे। ग्राम पंचायत प्रधान ज्योति प्रकाश और वार्ड सदस्य अशोक महाजन ने सक्रियता दिखाई। घुमारवीं थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।

सोलन: औषधि नियंत्रण प्रशासन ने खांसी की दवाओं के निरीक्षण अभियान शुरू किया है। हिमाचल की दवा कंपनियों के प्रोपलीन ग्लाइकॉलयुक्त ओरल लिक्विड के नमूने निर्माण इकाइयों, रिटेलर्स, होलसेलर्स और अस्पतालों से लिए जा रहे हैं। ड्रग नियंत्रक डॉ. मनीष कपूर ने बताया कि मध्य प्रदेश के बच्चों की मौत में हिमाचल की दवाओं का कोई संबंध नहीं है। बद्दी की कंपनी एक्कीनोवा फार्मास्युटिकल की नेस्ट्रा डीएस को मानक गुणवत्ता वाला पाया गया। तमिलनाडु की कोल्ड्रिफ सीरप में डायथिलीन ग्लाइकॉल मिला, जिसे राज्य में तत्काल प्रतिबंधित कर दिया गया है।

सोलन: स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल के गृह क्षेत्र सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल में एक्स-रे फिल्म की कमी ने मरीजों के लिए अजीब स्थिति पैदा कर दी है। पिछले 15 दिनों से एक्स-रे फिल्म उपलब्ध नहीं है, मरीजों को केवल मोबाइल फोन से रिपोर्ट की फोटो लेने को कहा जा रहा है। ठेका कंपनी क्रस्ना की लापरवाही और स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी इस समस्या की वजह मानी जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने कंपनी को नोटिस जारी किया और अनुबंध रद्द करने की सिफारिश की है। मरीजों की असुविधा और इलाज की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

रैहन (फतेहपुर): त्योहारी सीजन के मद्देनजर स्थानीय पुलिस थाना प्रभारी करतार सिंह पखरेटिया ने जनता से सतर्क और जिम्मेदार रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस समय साइबर क्राइम के मामले बढ़ते हैं, इसलिए किसी संदिग्ध लिंक, ऑफर या अनजान नंबर पर भरोसा न करें। पुलिस जुआ खेलने वालों पर भी नजर रखेगी और सख्त कार्रवाई करेगी। टीम लगातार गश्त करेगी, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। इसके अलावा, पटाखा विक्रेताओं को प्रशासन की अनुमति लेकर ही निर्धारित स्थलों पर दुकान लगाने और बिना अनुमति या प्रतिबंधित पटाखे बेचने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

गगल (कांगड़ा): चैतडू में हुई मारपीट के मामले में घायल अजय कुमार की मौत के बाद गिरफ्तार आरोपी सरवन कुमार को न्यायालय ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। शनिवार को अजय और सरवन के बीच बहसबाजी मारपीट में बदल गई थी, जिसमें सरवन ने अजय को गंभीर रूप से घायल किया। अजय को पहले धर्मशाला अस्पताल और फिर टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पर शुरू में झगड़े का मामला दर्ज किया था, लेकिन अब हत्या की धारा भी जोड़ी गई है। पुलिस आरोपी से घटना के सभी बिंदुओं पर पूछताछ करेगी।

बैजनाथ: जिला कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ विशेष अभियान के तहत बीती रात अप्पर भट्टू चौक पर ट्रैफिक चेकिंग के दौरान 3 युवकों को चरस के साथ पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से कुल 318.10 ग्राम चरस बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए युवक इरफान मोहम्मद (23) पुत्र रमजान मोहम्मद, सचित भारद्वाज (19) पुत्र राजेश कुमार और रविन्द्र कुमार (26) पुत्र शेर सिंह हैं। सभी आरोपी अलग-अलग गांव और तहसीलों के निवासी हैं। थाना प्रभारी बैजनाथ यादेश ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पालमपुर: कांगड़ा जिले के पालमपुर के पास मंगलवार को एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सीएसआईआर पालमपुर के नजदीक बस तेज रफ्तार होने के कारण नाले में गिर गई। हादसे में 13 यात्री घायल हुए, जिनमें 9 साल की बच्ची सहित चार गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को निजी वाहनों व एंबुलेंस के माध्यम से पालमपुर अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। बस मनाली से पठानकोट रूट पर जा रही थी। अन्य घायल पालमपुर अस्पताल में उपचाराधीन हैं और सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा आपदा राहत के लिए घोषित 1500 करोड़ रुपये की सहायता राशि अभी तक प्रदेश को प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार आपदा की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही हिमाचल प्रदेश को विशेष आपदा राहत पैकेज जारी करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों को तेजी से अंजाम दिया जा सकेगा। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वे प्रभावित जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान करें और आवश्यक तैयारी में कोई कमी न रह जाए।

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुँचाने के लिए पाँच वाहनों में आवश्यक सामग्री रवाना की। इस सामग्री में दैनिक जीवन से जुड़ी सभी जरूरी वस्तुएँ शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए अंतरराष्ट्रीय लायन्स क्लब का हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि उनका यह सेवा भाव प्रभावित परिवारों के लिए महत्वपूर्ण संबल साबित होगा। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को भी निर्देश दिए कि राहत कार्यों में तेजी लाई जाए और प्रभावित लोगों तक मदद समय पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सभी से सहयोग और सहानुभूति बनाए रखने की अपील की।

शिमला: ज़िला मंडी की खारसी पंचायत निवासी और भारतीय सेना के वीर जवान ढमेश्वर दत्त के सड़क हादसे में निधन के समाचार पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक बताया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की। उन्होंने वीर जवान के योगदान और देशभक्ति की सराहना करते हुए कहा कि उनका बलिदान हमेशा स्मरणीय रहेग

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। गांवों की आर्थिकी मुख्य रूप से कृषि, बाग़वानी और दुग्ध उत्पादन पर निर्भर है। इसे सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में 3.04 करोड़ रुपये की राशि भेजी है और एक वर्ष में कुल 18 करोड़ रुपये भेजने की योजना बनाई है। उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देते हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू किया है, ताकि किसान बाज़ार और बिचौलियों के दबाव से मुक्त रहें। मुख्यमंत्री का लक्ष्य है कि किसान और पशुपालक आत्मनिर्भर बनें।

बिलासपुर: भल्लू पुल के पास एक भूस्खलन में चलते बस पर पहाड़ गिर गया। घटना में बस के अंदर कई लोग फंसे होने की खबर है। मौके पर स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गई है। फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। अभी तक घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया है, वहीं पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा क्षेत्र को सील कर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। हादसे के कारण यातायात बाधित हुआ है। बचाव कार्य तेज किया गया है और अधिकारियों ने प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता देने की घोषणा की है।

नूरपुर: फोरलेन निर्माण कंपनी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड्ढे भरने का कार्य शुरू कर दिया है। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी हरप्रीत ने बताया कि मौसम अनुकूल होने पर कार्य की गति बढ़ा दी जाएगी। जसूर से छतरौली एनएच खंड की सड़क जर्जर स्थिति में है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। सड़क पर गहरे गड्ढे स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। क्षेत्रवासी बताते हैं कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को पठानकोट ले जाना कठिन हो जाता है। लोगों ने प्रशासन और कंपनी से शीघ्र स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि सड़क सुरक्षित और सुचारू रूप से उपयोग हो सके।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!