जवाली,21 सितम्बर 2025,संपादक राम प्रकाश वत्स
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ खंड जवाली की बैठक रविवार को संघ अध्यक्ष राजेश चंबियाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सरकार द्वारा जारी क्लस्टर सिस्टम अधिसूचना का कड़ा विरोध करते हुए इसे शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों के हितों के विरुद्ध बताया गया।राजेश चंबियाल ने कहा कि इस व्यवस्था से प्रदेशभर के 25 हजार प्राथमिक शिक्षकों के हित प्रभावित होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि इससे प्राथमिक शिक्षा का ढांचा अस्त-व्यस्त हो जाएगा और छोटे बच्चे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित रह जाएंगे।
संघ अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जेबीटी से एचटी और एचटी से बीईईओ तक की पदोन्नति प्रक्रिया पूरी तरह प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर 43 दिन तक प्रदेश स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया था, जो शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के आश्वासन पर समाप्त किया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।चंबियाल ने यह भी कहा कि प्रमोशन होने पर भी शिक्षकों को कोई आर्थिक लाभ नहीं मिलता।
वहीं, सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्राथमिक शिक्षकों की पदोन्नति के लिए टीईटी अनिवार्य किए जाने पर उन्होंने सवाल उठाए। उनका कहना था कि 25-26 साल सेवा दे चुके शिक्षक अब टेट परीक्षा कैसे पास कर पाएंगे? यह तर्कसंगत नहीं है।उन्होंने हिमाचल सरकार से मांग की कि वह इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में शिक्षकों का पक्ष मजबूती से रखे, ताकि प्राथमिक शिक्षकों का भविष्य सुरक्षित हो सके।
इस मौके पर महासचिव पवन कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरविंदर पाल सिंह व उपाध्यक्ष राकेश कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

