नूरपुर, 16 सितम्बर 2025 चीफ़ ब्यूरो Vijay Samyal
नशाखोरी और नशीले पदार्थों की तस्करी को जड़ से समाप्त करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
डीएसपी चन्द्र पाल सिंह नूरपुर में कार्यभार संभालने के उपरांत प्रैसवार्त करते हुए
जनसेवा को सर्वोच्च मानने वाले और ईमानदार छवि वाले अधिकारी डीएसपी चन्द्र पाल सिंह ने आज नूरपुर में उपमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) का कार्यभार संभाला। इससे पहले वे घुमारवीं में अपनी सेवाएँ दे रहे थे, जहाँ उनके कार्यकाल को निष्पक्षता और सख्ती के लिए जाना गया।कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना होगी। उन्होंने कहा कि –नशाखोरी और नशीले पदार्थों की तस्करी को जड़ से समाप्त करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
अवैध खनन पर पूर्ण अंकुश लगाया जाएगा
नूरपुर क्षेत्र में ट्रैफिक जाम और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या का ठोस समाधान खोजा जाएगा। इसके लिए “ड्रिंक एंड ड्राइव” पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और सड़क हादसों के हॉटस्पॉट चिन्हित कर सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे।
महिला एवं बाल सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का संकल्प लेते हुए उन्होंने कहा कि इनके खिलाफ होने वाले किसी भी अपराध को कदापि सहन नहीं किया जाएगा और दोषियों पर त्वरित कार्रवाई होगी।
स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस और जनता मिलकर ही समाज से अवैध गतिविधियों को समाप्त कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि – “जनसहयोग के बिना कानून-व्यवस्था की मजबूती संभव नहीं है, इसलिए हर जिम्मेदार नागरिक को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।”
नूरपुर में कार्यभार संभालते ही डीएसपी चन्द्र पाल सिंह ने अपने इरादे साफ कर दिए हैं कि वे ईमानदारी, निष्पक्षता और सख्ती के साथ क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के लिए समर्पित रहेंगे।

