शिमला, 16 सितम्बर 2025.चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल
हिमाचल प्रदेश में रातभर हुई भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। राज्य के कई हिस्सों में भूस्खलन और बाढ़ जैसी आपदाओं ने तबाही मचाई। मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल की बोई पंचायत में एक मकान भूस्खलन की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।
मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि हादसे के बाद तीनों शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो अन्य लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
बारिश से मंडी जिले के धरमपुर क्षेत्र में सोन और भारंद नालों में बाढ़ आ गई। इससे स्थानीय बस स्टैंड पूरी तरह जलमग्न हो गया और करीब 20 से अधिक एचआरटीसी बसें पानी में डूब गईं। साथ ही वर्कशॉप, पंप हाउस और कई दुकानों को भी भारी नुकसान हुआ।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि धरमपुर बस स्टैंड और आसपास के ढांचों को गंभीर क्षति पहुंची है। सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है।
राजधानी शिमला भी बारिश की मार से अछूती नहीं रही। शहर के मध्य स्थित हिमलैंड क्षेत्र में भूस्खलन से कई वाहन मलबे में दब गए और मुख्य सर्कुलर रोड घंटों बाधित रहा। इससे स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि देर रात करीब एक बजे तेज आवाज के साथ भूस्खलन हुआ। मौके पर मौजूद गौतम और राहुल शुक्ला ने बताया कि वे अपने वाहन में सो रहे थे और समय रहते बाहर निकलने से बड़ा हादसा टल गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के कुछ हिस्सों में भारी की भी चेतावनी दी है। अलग-अलग जगहों पर तेज हवाओं के साथ वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं।

