महमूदाबाद, सीतापुर,30:08:2025,राज्य चीफ़ ब्यूरो अनुज कुमार जैन

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सेठ रामगुलाम पटेल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की संस्था सेठ रामगुलाम पटेल इंटर कॉलेज में हॉकी के जादूगर और भारत रत्न मेजर ध्यानचंद जी की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक इं• क्षितिज चंद्रा ने मेजर ध्यानचंद जी की प्रतिमा पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि खेल भावना, अनुशासन और देशभक्ति के जीवंत प्रतीक थे। विदेशी खिलाड़ी उनकी हॉकी स्टिक को जादू की छड़ी कहते थे। उनकी सादगी, अनुशासन और समर्पण भाव आज भी हर छात्र और खिलाड़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

इं• क्षितिज चंद्रा ने कहा कि संस्था बच्चों को खेलों की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हाल ही में आयोजित अभ्युथानम स्पोर्ट्स के माध्यम से बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने का कार्य किया गया। इसका परिणाम यह रहा कि सेठ रामगुलाम पटेल इंटर कॉलेज का छात्र आर्यन ने जिला स्तर की शतरंज प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी तरह अन्य छात्र-छात्राओं ने भी जनपद और मंडल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।

इस अवसर पर अभिभावकों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि सेठ रामगुलाम पटेल इंटर कॉलेज बच्चों को न केवल शिक्षा में बल्कि खेलों में भी प्रोत्साहित कर रहा है। संस्था शासन की खेलो इंडिया जैसी योजनाओं के प्रति छात्रों को जागरूक कर उनकी प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभा रही है।

