शिमला,25, अगस्त 2025,राज्य चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल
भारी बारिश से लबालब हुआ भाखड़ा बांध, अधिकतम जलस्तर से सिर्फ दूरप्रदेशभर में हो रही जोरदार बारिश से नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। इसी बीच एशिया के सबसे बड़े बांधों में शामिल भाखड़ा बांध भी लबालब भर चुका है। बांध का अधिकतम जलस्तर 1680 फुट है, जबकि सोमवार को यह 1668.57 फुट दर्ज किया गया, यानी अब अधिकतम सीमा से मात्र 11 फुट ही दूर रह गया है। बीते सप्ताह बांध का जलस्तर 1665 फुट था, जिसमें अब लगभग 4 फुट की बढ़ोतरी हुई है। फिलहाल बांध के फ्लड गेट करीब 2 फुट तक खुले हुए हैं और इसमें लगातार पानी की आमद हो रही है। इस समय भाखड़ा बांध में 64,811 क्यूसिक पानी आ रहा है, जबकि 38,167 क्यूसिक पानी टर्बाइनों के माध्यम से छोड़ा जा रहा है।वहीं नंगल डैम से भी पानी विभिन्न नहरों और सतलुज नदी में छोड़ा जा रहा है। नंगल हाइडल नहर का जलस्तर 12,500 क्यूसिक, आनंदपुर नहर का 10,150 क्यूसिक और सतलुज नदी का 20,650 क्यूसिक दर्ज किया गया है। भाखड़ा बांध से जुड़ी गोबिंद सागर झील का जलस्तर भी बढ़ता जा रहा है। रायपुर–अंदरौली झील के बीच स्थित शिव मंदिर अब लगभग पानी से घिरने की स्थिति में है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में भी बाढ़ जैसी आशंका बढ़ गई है।

