तस्वीरों में मकान गिरने के बाद मौके की स्थिति साफ तौर पर देखी जा सकती है।

सिरमौर / कपिल शर्मा। विकास खंड संगड़ाह के अंतर्गत ग्राम पंचायत घंडोरी के गांव मशोर में शुक्रवार सुबह एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान मालिक जयचंद शर्मा और उनका पूरा परिवार खेतों में गया हुआ था, जिसके चलते एक बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि मकान गिरने से परिवार को काफी नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार, जयचंद शर्मा का परिवार सुबह खेतों में काम करने के लिए घर से बाहर गया था। इसी दौरान उनका मकान अचानक धराशायी हो गया। घटना का पता उस समय चला, जब हरि दत्त शर्मा अपने ओबरे की ओर जा रहे थे। उन्होंने मकान को गिरा हुआ देखा और तुरंत जयचंद शर्मा को फोन कर घटना की सूचना दी।
मकान गिरने की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग को सूचित किया गया। इसके बाद पटवारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को भेज दी।
ग्राम पंचायत घंडोरी की प्रधान नीलम कंवर ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार मकान के अंदर मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा कि प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी गई है तथा प्रभावित परिवार को नियमानुसार हरसंभव सहायता दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार की स्थिति को देखते हुए जल्द आर्थिक एवं आवश्यक राहत उपलब्ध करवाई जाए। अचानक मकान गिरने से परिवार के सामने रहने और घरेलू सामान को सुरक्षित रखने की चुनौती खड़ी हो गई है।

