बारिश से सड़क को नुकसान, पहले 40 कट्टे भेजने वाले किसान अब आधा माल ही पहुंचा पा रहे

लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नोहराधार क्षेत्र की ग्रामीण सड़कों की हालत खराब हो गई है। देवामानल से आइगी को जोड़ने वाली सड़क को भी बारिश से काफी नुकसान पहुंचा है। सड़क की बदहाल स्थिति के चलते किसानों को अपनी फसलें मुख्य सड़क और मंडियों तक पहुंचाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इन दिनों क्षेत्र में टमाटर, मूली, शिमला मिर्च, अदरक, आलू और बीन्स सहित विभिन्न नकदी फसलों का सीजन चल रहा है। किसानों का कहना है कि पहले ही मंडियों में फसलों के उचित दाम नहीं मिल रहे हैं, वहीं खराब सड़क ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। सड़क की खराब हालत के कारण वाहन चालक भी जोखिम उठाकर आवाजाही करने को मजबूर हैं।
किसान प्रमोद शर्मा ने बताया कि देवामानल-आइगी सड़क की हालत काफी खराब हो चुकी है। बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह नुकसान हुआ है, जिससे किसानों को अपनी फसलें मंडियों तक पहुंचाने में दिक्कत हो रही है।
वहीं वाहन चालक आशु शर्मा ने बताया कि सड़क की स्थिति खराब होने के कारण वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब हालत के चलते कभी भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि जहां पहले एक वाहन में करीब 40 कट्टे फसल मंडी तक पहुंच जाती थी, वहीं अब सड़क की खराब स्थिति के कारण किसान मुश्किल से आधा माल ही मंडी तक पहुंचा पा रहे हैं।
देवामानल पंचायत प्रधान सगीता पुंडीर और उपप्रधान भीम देव पुंडीर ने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर लोक निर्माण विभाग को अवगत करवाया गया है। विभाग की ओर से आज ही कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया है तथा सड़क की स्थिति को देखते हुए कल मशीनरी भेजकर आवश्यक कार्य करवाया जाएगा।
उधर लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता खजान सिंह ने बताया कि पंचायत प्रधान और उपप्रधान ने उन्हें सड़क की खराब स्थिति के बारे में अवगत करवाया है। उन्होंने कहा कि विभाग ने आज ही मौके पर कर्मचारी भेजकर सड़क का जायजा लिया है। बारिश से हुए नुकसान को देखते हुए जल्द आवश्यक मरम्मत कार्य करवाया जाएगा और सड़क को यातायात योग्य बनाने के लिए मशीनरी भी भेजी जाएगी।

