विशाल दौड़ प्रतियोगिता के बाद सजा सम्मान समारोह, सेना, अग्निवीर, पुलिस एवं होमगार्ड में चयनित युवाओं को मिला सम्मान; मुख्य अतिथि चंद्रभूषण शुक्ला ने युवाओं का बढ़ाया उत्साह

महमूदाबाद, सीतापुर:युवाओं को अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने वाली एकलव्य फाउंडेशन एवं डिफेंस अकादमी के तत्वावधान में अकादमी के संस्थापक डी.के. सर के जन्मदिवस के अवसर पर भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विशाल दौड़ प्रतियोगिता के साथ सम्मान समारोह आयोजित कर भारतीय सेना, अग्निवीर, पुलिस एवं होमगार्ड में चयनित होकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाने वाले 100 से अधिक प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित किया गया।
दौड़ प्रतियोगिता इंदौरा तालाब के पास से प्रारंभ होकर जिला पंचायत गेस्ट हाउस, कोतवाली के निकट तक आयोजित हुई। प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। इसके उपरांत जिला पंचायत गेस्ट हाउस में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चंद्रभूषण शुक्ला तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार अनुज कुमार जैन उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि चंद्रभूषण शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को सही दिशा, उचित मार्गदर्शन और बेहतर प्रशिक्षण मिल जाए तो ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। एकलव्य फाउंडेशन एवं डिफेंस अकादमी इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सेना और सुरक्षा सेवाओं में चयनित होना केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि देश की सेवा करने का गौरवपूर्ण अवसर है। सम्मानित युवाओं को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और अनुशासन के साथ करना चाहिए। उन्होंने अकादमी के संस्थापक डी.के. सर के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे समर्पित व्यक्तित्व समाज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं।

अकादमी के संस्थापक डी.के. सर के जन्मदिवस को लेकर भी कार्यक्रम में विशेष उत्साह देखने को मिला। उपस्थित अतिथियों, सहयोगियों एवं युवाओं ने उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि डी.के. सर ने अपने परिश्रम, दूरदर्शी सोच और दृढ़ संकल्प से युवाओं के भविष्य को संवारने का जो अभियान शुरू किया है, वह आज अनेक परिवारों के सपनों को साकार करने का माध्यम बन चुका है। उनका जन्मदिवस उन युवाओं की सफलता के साथ मनाया जाना विशेष मायने रखता है, जिन्हें उन्होंने देश की सेवा के योग्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार अनुज कुमार जैन ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को सेना, पुलिस एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं में चयनित कराकर राष्ट्रसेवा के लिए तैयार करना अत्यंत सराहनीय और पुनीत कार्य है। एक समय सीमित संख्या में बच्चों के साथ शुरू हुई अकादमी का आज हजारों युवाओं को प्रशिक्षण देना और उनमें से अनेक का विभिन्न सुरक्षा सेवाओं में चयनित होना संस्थान की मेहनत और समर्पण का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि अकादमी के संस्थापक डी.के. सर का दूरदर्शी नेतृत्व, अथक परिश्रम और सहयोगी स्टाफ की लगन युवाओं के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सम्मानित युवाओं की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उनके माता-पिता, गुरुजनों और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ देश की सेवा करने का आह्वान किया तथा अकादमी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का कुशल संचालन वरिष्ठ अध्यापक एवं प्रखर विचारक आलोक आजाद ने किया। इस अवसर पर अशोक वर्मा (मामू), वरिष्ठ पत्रकार अनुज कुमार जैन, मोहन प्रसाद बारी, इंस्पेक्टर अनिल सिंह, दयाशंकर सिंह सहित कोतवाली का स्टाफ, आनंद श्रीवास्तव, परमेश सिंह तथा जनपद की विभिन्न अकादमियों से जुड़े अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह में सम्मानित होने वाले युवाओं के चेहरों पर खुशी, आत्मविश्वास और भविष्य के प्रति नई उम्मीद दिखाई दी। डी.के. सर के जन्मदिवस पर प्रतिभाओं का सम्मान और युवाओं की उपलब्धियों का उत्सव पूरे आयोजन को यादगार बना गया। कार्यक्रम ने क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी सेना, पुलिस एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं में अपना भविष्य बनाने के लिए नई प्रेरणा दी।

