सीओ कपूर कुमार का फूल-माला पहनाकर एवं सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा भेंटकर किया गया सम्मान

महमूदाबाद, सीतापुर: रामा हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर, गायत्रीपुरम, पहाड़पुर चौराहा, कुर्सी रोड लखनऊ की ओर से शनिवार को महमूदाबाद के रामकुंड चौराहे पर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर सरदार बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा के निकट नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का आयोजन रामा हॉस्पिटल के डायरेक्टर एवं वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित वर्मा के नेतृत्व में सरदार पटेल जनसेवा ट्रस्ट महमूदाबाद के तत्वावधान में किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं देते हुए करीब 600 मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं।

कार्यक्रम के दौरान महमूदाबाद भाजपा विधायक आशा मौर्या व क्षेत्राधिकारी कपूर कुमार का विशेष रूप से स्वागत एवं सम्मान किया गया। रामा हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. अंकित वर्मा, वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी अनुज कुमार जैन, अशोक वर्मा उर्फ मामू, आलोक वर्मा उर्फ आजाद, सुधीर वर्मा ,आदित्य वर्मा, मनोज पासवान, जसवंत सहित क्षेत्र के कई समाजसेवियों ने सीओ कपूर कुमार को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति स्वरूप उनकी प्रतिमा भेंट की गई।

स्वास्थ्य शिविर में रामा हॉस्पिटल के डायरेक्टर एवं वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित वर्मा, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कुसुम लता, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋतु रानी, इमरजेंसी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अर्पित वर्मा, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक वर्मा, जनरल फिजिशियन डॉ. एलबी रमन तथा नेत्र अस्पताल सीतापुर की पूर्व सर्जन डॉ. स्वाती वर्मा सहित अस्पताल के अन्य चिकित्सक एवं स्टाफ मौजूद रहे।
चिकित्सकों ने शिविर में पहुंचे मरीजों की अलग-अलग स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की और उन्हें उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया। इसके साथ ही जरूरत के अनुसार नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
आयोजकों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों से नि:शुल्क परामर्श दिलाना था। शिविर के सफल आयोजन पर आयोजकों ने चिकित्सकों, अस्पताल स्टाफ, समाजसेवियों एवं सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

