Reading: राजकीय आर्य महाविद्यालय नूरपुर में टीबी जागरूकता अभियान ‘जोश’ के तहत कार्यक्रम

राजकीय आर्य महाविद्यालय नूरपुर में टीबी जागरूकता अभियान ‘जोश’ के तहत कार्यक्रम

RamParkash Vats
2 Min Read

नूरपुर: राजकीय आर्य महाविद्यालय नूरपुर में टीबी (क्षय रोग) के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘जोश’ टीबी जागरूकता अभियान के अंतर्गत संगोष्ठी एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार ने की। इसमें 80 एनसीसी कैडेट्स तथा रेड रिबन क्लब के 40 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स एवं रेड रिबन क्लब के स्वयंसेवकों ने टीबी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं और इसके लक्षणों, बचाव, समय पर जाँच तथा उपचार के प्रति अपने विद्यार्थियों को जागरूक करने का संदेश दिया।

भाषण प्रतियोगिता में एनसीसी की सीनियर अंडर ऑफिसर प्रगति भारद्वाज एवं कैडेट मोनिका तथा रेड रिबन क्लब की पियर एजुकेटर प्रांजल एवं डिंपल ने प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। उनके वक्तव्यों में टीबी उन्मूलन, जन-जागरूकता तथा समाज की सहभागिता पर विशेष जोर दिया गया। रेड रिबन क्लब के प्रभारी प्रो. सुरेश ने विद्यार्थियों को टीबी उन्मूलन अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ‘निक्षय मित्र’ पहल के महत्व तथा टीबी रोगियों को सहयोग प्रदान करने में समाज की भूमिका के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से टीबी के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने और जागरूकता संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में एनसीसी एएनओ कैप्टन सुरजीत कुमार ने सभी एनसीसी कैडेट्स एवं रेड रिबन क्लब के पियर एजुकेटर का सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टीबी के विरुद्ध जागरूकता, समय पर जाँच और नियमित उपचार अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे टीबी से संबंधित सही जानकारी अपने परिवार एवं समाज तक पहुँचाएँ और टीबी-मुक्त भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ना तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान रेड रिबन क्लब के सदस्य डॉ भारती भाग्सैन एवं डॉ रोहित कुमार भी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!