पूज्य आर्यिका मां विविक्त श्री माता जी के मंगल सान्निध्य में श्रद्धा और धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुए संस्कार
महमूदाबाद (सीतापुर)। नगर के दिगम्बर जैन मंदिर में चल रहे चातुर्मास के अंतर्गत जैन दाम्पत्य संस्कार शिविर का आयोजन किया गया। पूज्य आर्यिका मां विविक्त श्री माता जी के मंगल आशीर्वाद एवं निर्देशन में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में 40 से अधिक दम्पतियों ने सहभागिता कर दाम्पत्य संस्कार संपन्न कराए और धर्मलाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7:30 बजे हुआ। पूज्य आर्यिका मां विविक्त श्री माता जी के पावन सान्निध्य में सभी जोड़ों ने श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक मर्यादा के साथ संस्कार की प्रक्रिया में भाग लिया। इस अवसर पर जैन समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए दम्पति
जैन दाम्पत्य संस्कार शिविर के लिए पुरुषों को सफेद धोती-दुपट्टे के साथ चक्रवर्ती राजा के स्वरूप में मुकुट, हार, कड़े और बाजूबंद आदि पारंपरिक आभूषण धारण किये हुये वहीं, महिलाओं ने लाल रंग की साड़ी पहनकर सोलह शृंगार के साथ धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की। पारंपरिक वेशभूषा में सजे दम्पतियों ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजन किया।
अष्टद्रव्य से किया पूजन, श्रीजी को अर्पित किया श्रीफल
संस्कार के दौरान सभी जोड़ों ने अष्टद्रव्य से सजी पूजन थाल के माध्यम से विधिवत पूजा-अर्चना की। साथ ही श्रीफल लाकर भगवान श्रीजी के चरणों में अर्पित किया। पूरे कार्यक्रम में धार्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ अनुष्ठान में भाग लिया।
बच्चों को भी संस्कारों से जोड़ने पर दिया गया जोर
इस आयोजन की विशेष बात यह रही कि जो बच्चे पूर्व में किसी कारणवश संस्कार से वंचित रह गए थे, उन्हें भी अपने माता-पिता के साथ संस्कार में सम्मिलित होने का अवसर दिया गया। बच्चों को सफेद वस्त्र पहनाकर कार्यक्रम में शामिल किया गया, जिससे वे भी धार्मिक परंपराओं और जैन संस्कारों से परिचित हो सकें।
पूज्य आर्यिका मां विविक्त श्री माता जी के मंगल सान्निध्य एवं आशीर्वाद में यह पावन आयोजन श्रद्धा, मर्यादा और पूर्ण गरिमा के साथ संपन्न हुआ। शिविर में शामिल सभी दम्पतियों ने धार्मिक संस्कार प्राप्त कर धर्मलाभ अर्जित किया।जैन दाम्पत्य संस्कार शिविर ने समाज में धार्मिक परंपराओं के संरक्षण, पारिवारिक संस्कारों के संवर्धन तथा नई पीढ़ी को धर्म और संस्कृति से जोड़ने का संदेश दिया।

