
नशे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता को पंचायत स्तर तक ले जाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “नशा मुक्त नूरपुर, चिट्टा मुक्त नूरपुर” अभियान के तहत गहीं लगोड़ पंचायत में 12वीं कड़ी आयोजित की गई। इस दौरान घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की गई और नशे की समस्या को लेकर परिवारों के साथ खुलकर बातचीत की गई।संपर्क अभियान के दौरान लोगों से यह समझने का प्रयास किया गया कि नशे से जुड़ी चुनौतियों का सामना परिवार और समाज मिलकर किस तरह कर सकते हैं।
साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने, उनकी ऊर्जा को खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों की ओर लगाने तथा परिवारों में जागरूक संवाद बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री द्वारा चलाए गए नशे के खिलाफ अभियान में इस संस्था ने धरातल पर लोगों को जागरूक करने का काम किया है l इस अभियान में ग्राम पंचायत प्रधान कर्म सिंह कमा, जिला परिषद सदस्य अनूप राणा तथा पूर्व उपप्रधान सतपाल शर्मा की सहभागिता रही। पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने नशे के खिलाफ जागरूकता को लगातार आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
आईडिया ऑफ भारत फाउंडेशन के अध्यक्ष राहुल शर्मा ने कहा कि घर-घर संपर्क का उद्देश्य केवल संदेश देना नहीं, बल्कि लोगों को इस मुहिम का सक्रिय भागीदार बनाना है। उन्होंने कहा कि जब पंचायत प्रतिनिधि, परिवार और युवा एक साथ खड़े होते हैं, तो नशे के खिलाफ सामाजिक वातावरण को मजबूत किया जा सकता है।राहुल शर्मा ने कहा कि “नशा मुक्त नूरपुर, चिट्टा मुक्त नूरपुर” अभियान के तहत अलग-अलग पंचायतों में पहुंचकर लोगों की बात सुनने और स्थानीय स्तर पर समाधान की दिशा में संवाद जारी रहेगा।

