नूरपुर मोक्ष धाम वह स्थान, जहां हर किसी को एक दिन अंतिम विदाई दी जाती है।

इसी स्थान को स्वच्छ, सुंदर और सम्मानजनक स्वरूप देने के लिए खटियाड़ में अब समाज ने खुद जिम्मेदारी उठाई है। श्री गुगा जाहर वीर जी सेवा एवं जनकल्याण समिति के सदस्य जनसहयोग के साथ मोक्ष धाम के कायाकल्प में जुटे हैं। झाड़ियों की सफाई से लेकर भूमि समतलीकरण और भगवान भोलेनाथ की विशाल प्रतिमा की स्थापना तक, यहां बदलाव की एक नई तस्वीर देखने को मिलेगी ।खटियाड़ के मोक्ष धाम में अब बदलाव की बुनियाद रखी जा रही है। समिति के सदस्यों ने परिसर में उगी झाड़ियों को हटाया और जेसीबी की मदद से कई हिस्सों को समतल किया।यह सिर्फ साफ-सफाई का अभियान नहीं, बल्कि उस स्थान को सम्मान देने की कोशिश है, जहां लोग अपने प्रियजनों को अंतिम विदाई देने पहुंचते हैं।
मोक्ष धाम हमारे लिए सिर्फ एक जगह नहीं है, यह हर परिवार से जुड़ा हुआ स्थान है। हमारा प्रयास है कि यहां आने वाले लोगों को साफ-सुथरा और बेहतर वातावरण मिले। जनता के सहयोग से यह काम आगे भी जारी रहेगा। समिति की योजना मोक्ष धाम को चरणबद्ध तरीके से बेहतर स्वरूप देने की है। इसी कड़ी में परिसर में भगवान भोलेनाथ की विशाल प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए जगह को समतल कर फाउंडेशन तैयार की जा रही है।भोलेनाथ की विशाल प्रतिमा लगाने के लिए जगह तैयार की जा रही है। साथ ही सौर लाइटें भी लगाई जाएंगी, ताकि रात के समय मोक्ष धाम में रोशनी की बेहतर व्यवस्था रहे। यह काम लोगों के सहयोग से आगे बढ़ रहा है।मोक्ष धाम को रोशनी से जगमगाने के लिए सौर ऊर्जा से चलने वाली लाइटें लगाने की भी तैयारी है।
समिति के सदस्य अपने श्रम के साथ इस अभियान में योगदान दे रहे हैं। सक्रिय सदस्य सतीश चौधरी सहित अन्य सदस्यों का कहना है कि जनसहयोग से इस स्थान को और बेहतर बनाया जा सकता हैl हम चाहते हैं कि हमारे गांव का मोक्ष धाम साफ-सुथरा और सुंदर हो। यह किसी एक व्यक्ति का काम नहीं है, सभी लोग मिलकर सेवा कर रहे हैं। लोगों का सहयोग मिलता रहा तो इसे और बेहतर बनाने का प्रयास जारी रहेगा।जहां अपनों को अंतिम विदाई दी जाती है, उस स्थान को सम्मान और सुंदरता देने का यह प्रयास समाज की सामूहिक जिम्मेदारी की तस्वीर पेश कर रहा है। खटियाड़ मोक्ष धाम में शुरू हुई यह पहल आने वाले समय में इसे स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक स्वरूप देने की दिशा में एक नई शुरुआत बन सकती है।

