
नूरपुर से विनय महाजन :उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल द्वारा यात्री संरक्षा और सुगम रेल परिचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुएअभी तक पठानकोट से जोगिंदरनगर नैरोगेज रेल खंड का व्यापक और सघन निरीक्षण सम्पन्न हुआ l इस अवसर पर जम्मू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार के नेतृत्व में वरिष्ठ मंडल अधिकारियों की टीम ने इस महत्वपूर्ण हेरिटेज नैरो गेज सेक्शन का जायजा लिया। इस निरीक्षण के दौरान माननीय लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज भी शामिल रहे।निरीक्षण की शुरुआत नूरपुर रोड रेलवे स्टेशन से की गई जहाँ प्लेटफार्म की स्थिति व पेयजल व्यवस्था तथा स्वच्छता तथा स्टेशन परिसर की समग्र व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। इसके उपरांत टीम द्वारा ज्वालामुखी रोड रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और संरक्षा उपकरणों की गहन जांच की गई।

इस निरीक्षण का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव इस खंड का ऐतिहासिक और इंजीनियरिंग के लिहाज से महत्वपूर्ण नैरो गेज का बथू रेलवे पुल संख्या 388 रहा। मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने माननीय सांसद के साथ पुल की संरचनात्मक मजबूती, ट्रैक की फिटनेस, अप्रोच, बियरिंग्स और संरक्षा मानकों का बड़ी गहनता से निरीक्षण किया। इसके साथ ही बथू रेलवे पुल संख्या 388 से लेकर 84/7-8 के मध्य पूरे रेल पथ, स्लीपरों, रेल जोड़ों, कर्वों और सिग्नलिंग प्रणाली का ट्रॉली द्वारा गहन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान विवेक कुमार ने संबंधित इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा परिचालन विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि संरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। इस अवसर पर माननीय सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने इस हेरिटेज रेल खंड के महत्व पर जोर देते हुए इसके शीघ्र पुनरुद्धार और यात्री सुविधाओं में विस्तार की आवश्यकता पर चर्चा की।
गौरतलव है कि यह नैरोगेज रेल खंड कांगड़ा घाटी के लोगों की जीवन रेखा होने के साथ-साथ एक प्रमुख पर्यटन आकर्षण भी है। मानसून के कारण इस खंड पर एहतियातन परिचालन को नियंत्रित किया गया था। सभी संरक्षा जांच और आवश्यक अनुरक्षण कार्य पूर्ण होने के उपरांत इस नैरोगेज खंड पर रेल परिचालन 11 अक्टूबर 2026 के वाद कभी भी पुनः प्रारंभ किए जाने की संभावना है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ नवरात्रि के दौरान ज्वालामुखी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।यह जानकारी एक प्रेस नोट मे राघवेंद्र सिंह जन सम्पर्क निरीक्षक जम्मू मंडल द्वारा आज मिडिया को दी गई है l

