Reading: नूरपुर रोड से ज्वालामुखी रोड तक रेलवे व्यवस्थाओं का निरीक्षण

नूरपुर रोड से ज्वालामुखी रोड तक रेलवे व्यवस्थाओं का निरीक्षण

RamParkash Vats
3 Min Read

बाधित रेलमार्ग को जल्द बहाल करने और स्टेशनों के आधुनिकीकरण पर जोर

कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र,नूरपुर से विनय महाजन:-कांगड़ा घाटी में रेल सेवाओं को सुचारू बनाने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मंगलवार को रेलवे अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नूरपुर रोड रेलवे स्टेशन (जसूर) से लेकर ज्वालामुखी रोड और रानीताल रेलवे स्टेशन तक व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान रेलवे स्टेशनों की मौजूदा स्थिति, यात्री सुविधाओं तथा बाधित रेलमार्ग का जायजा लेकर आवश्यक सुधारों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम जम्मू डिविजन विवेक कुमार एवं रेलवे विभाग की टीम ने नूरपुर रोड रेलवे स्टेशन (जसूर) में रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं को लेकर अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। कांगड़ा-चंबा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने बताया कि जसूर रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण के लिए 8.25 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। उन्होंने कहा कि विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद लगभग तीन माह में कार्य शुरू किए जाने की उम्मीद है।

सांसद ने कहा कि कांगड़ा रेल वैली को भविष्य में पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांगड़ा घाटी में रेल परिवहन केवल यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन और बड़ी संख्या में लोगों की आजीविका भी जुड़ी हुई है। ऐसे में रेल सेवाओं को नियमित और सुचारू बनाए रखना जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।

इसके बाद रेलवे टीम ने ज्वालामुखी रोड रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा क्षेत्र में बाधित रेलमार्ग का जायजा लिया। रेलमार्ग को प्रभावित करने वाले चिन्हित भूस्खलन स्थलों का अधिकारियों के साथ ग्राउंड जीरो पर निरीक्षण कर स्थिति का आकलन किया गया। संभावित जोखिम वाले स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा एवं सुधारात्मक कदम उठाने को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।

रानीताल रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों एवं स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी गईं। मौके पर मौजूद रेलवे अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बाधित रेल सेवा को जल्द से जल्द बहाल करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने तथा कांगड़ा घाटी में रेल सेवा को नियमित बनाए रखने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कदम उठाए जाएं।

निरीक्षण के दौरान देहरा के पूर्व विधायक होशियार सिंह, कांगड़ा के भाजपा विधायक पवन काजल तथा नूरपुर के भाजपा विधायक रणवीर सिंह निक्का सहित रेलवे विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान रेलवे ढांचे के आधुनिकीकरण, भूस्खलन प्रभावित रेलमार्गों की सुरक्षा तथा यात्री सुविधाओं में सुधार को जनहित से जोड़ते हुए आवश्यक कार्रवाई पर चर्चा की गई।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!