प्रधानाचार्य ने खिलाड़ियों को दी बधाई, पंचायत व सामाजिक संस्थाओं ने सरकार से आर्थिक सहयोग और बेहतर प्रशिक्षण सुविधा की मांग की

संगड़ाह, 5 अक्टूबर। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नौहराधार ने जिला स्तरीय जूडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 छात्रा वर्ग की जिला चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। नाहन में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने 3 स्वर्ण, 7 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन किया। अदिति, रितिका और साक्षी ने स्वर्ण पदक हासिल कर हमीरपुर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र चौहान ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह विद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और नियमित अभ्यास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। प्रधानाचार्य ने शारीरिक प्रवक्ता मधु पुंडीर और शारीरिक शिक्षक शशिपाल चौहान के प्रयासों की भी सराहना की और कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।
स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों, समाजसेवियों और सामाजिक संस्थाओं ने भी छात्राओं की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि नौहराधार जैसे ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं का जिला स्तर पर जूडो में चैंपियन बनना यह साबित करता है कि प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और संसाधन उपलब्ध करवाने की है। पंचायत और स्थानीय सामाजिक संगठनों ने सरकार से मांग की कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाए तथा विद्यालय में जूडो सहित अन्य खेलों के लिए बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था और आवश्यक खेल उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विद्यालय में नियमित रूप से विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएं और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, डाइट, यात्रा तथा प्रतियोगिताओं से संबंधित खर्च के लिए सरकारी स्तर पर सहायता मिले, तो नौहराधार की छात्राएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी क्षेत्र का नाम रोशन कर सकती हैं। स्थानीय संस्थाओं ने सरकार और शिक्षा विभाग से आग्रह किया कि इस उपलब्धि को केवल एक प्रतियोगिता तक सीमित न रखते हुए विद्यालय को बेहतर खेल प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल की जाए।

