
सराहां, सिरमौर:नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला प्रेमनगर का दौरा कर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया।
विधायक के विद्यालय पहुंचते ही बच्चों में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने प्रार्थना सभा में भाग लिया और बच्चों के बीच बैठकर विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछते हुए उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली।विधायक ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार अपनाने, माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय में स्थापित निपुण कॉर्नर, एक्टिविटी कॉर्नर, डिजिटल क्लासरूम और टीएलएम सहित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षिका सृष्टि शर्मा द्वारा बच्चों को दी जा रही व्यावसायिक शिक्षा तथा विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों की सराहना की।विद्यालय प्रभारी मायाराम शर्मा ने विधायक को विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी दी।
उन्होंने भवन तथा डिजिटल कक्षा कक्ष से संबंधित मांगें भी विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने विद्यालय के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विद्यालय के दोनों शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार मिलने पर भी विधायक ने बधाई दी।मायाराम शर्मा, पाठशाला प्रभारी:“विधायक अजय सोलंकी जी ने विद्यालय का दौरा कर बच्चों से संवाद किया और शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना की। विद्यालय की विकास संबंधी मांगें भी उनके समक्ष रखी गई हैं, जिस पर उन्होंने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है।”

