Reading: राष्ट्रपति दौरे को लेकर बिलासपुर में ट्रैफिक प्लान, छह घंटे भारी वाहनों की नो-एंट्री; शिमला जाने वाले वाहनों के रूट में बदलाव

राष्ट्रपति दौरे को लेकर बिलासपुर में ट्रैफिक प्लान, छह घंटे भारी वाहनों की नो-एंट्री; शिमला जाने वाले वाहनों के रूट में बदलाव

RamParkash Vats
3 Min Read

बिलासपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 6 अक्टूबर को प्रस्तावित बिलासपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला प्रशासन से जुड़े विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति के एम्स बिलासपुर दौरे के दौरान ब्रह्मपुखर से एम्स के सामने होकर गुजरने वाले मार्ग पर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। इस दौरान सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक करीब छह घंटे भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहने की संभावना है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार नौणी-ब्रह्मपुखर मार्ग पर भारी एवं बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी। यातायात प्रतिबंध के दौरान आवश्यक सेवाओं तथा आपातकालीन वाहनों को परिस्थितियों के अनुसार विशेष अनुमति दी जा सकती है। राष्ट्रपति के काफिले की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस कर्मियों को तैनात कर यातायात की निगरानी की जाएगी। एम्स में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता देने की व्यवस्था भी किए जाने की जानकारी है।

शिमला और सोलन की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंडी और हमीरपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को घागस से डायवर्ट कर जुखाला-ब्रह्मपुखर मार्ग की ओर भेजे जाने की योजना है। इसी तरह चंडीगढ़ की ओर से आने वाले वाहनों के लिए फोरलेन से जामली, लागघाट और दयोथ होते हुए ब्रह्मपुखर की तरफ वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। इससे मुख्य मार्ग पर राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान यातायात दबाव नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी।

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए एम्स परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग सुरक्षा सेक्टर बनाए जाने की जानकारी है। सूत्रों के अनुसार सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में करीब 200 से 250 पुलिस जवानों की तैनाती की जा सकती है। एम्स परिसर के आसपास ड्रोन गतिविधियों पर भी प्रतिबंध रहेगा और सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी रखेंगी।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति के बिलासपुर दौरे के दौरान पहले श्री नयना देवी मंदिर जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन संशोधित कार्यक्रम में यह दौरा रद्द किए जाने की जानकारी सामने आई है। राष्ट्रपति अब सीधे एम्स बिलासपुर पहुंचेंगी, जहां वह एम्स के प्रथम दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

जिला प्रशासन की ओर से वाहन चालकों से अपील की गई है कि 6 अक्टूबर को यात्रा से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी प्राप्त करें और पुलिस द्वारा निर्धारित डायवर्जन का पालन करें। सुरक्षा कारणों से यातायात व्यवस्था में अंतिम समय पर बदलाव भी संभव है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों को न्यूनतम असुविधा सुनिश्चित करना है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!